पवन बजाज ने लगाई जिला अस्पताल में टोटल बॉडी सेनीटाईजर मशीन

कटनी  प्रदेश सदस्य प्रबंध कार्यकारिणी इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी पवन बजाज ने जिला अस्पताल कटनी के लिये टोटल बॉडी सेनीटाईजर टनल मशीन भेंट की है। कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचकर प्रदत्त मशीन का निरीक्षण किया। उन्होने बॉडी सेनीटाईजर मशीन को जिला अस्पताल के प्रवेश द्वार पर लगाने तथा अस्पताल में आने वाले मरीजों के परिजनों सहित सभी का प्रवेश इसी टनल मशीन से होकर करने की व्यवस्था के निर्देश सिविल सर्जन को दिये हैं। कलेक्टर ने कहा कि इसके अलावा पूरे अस्पताल की नियमित साफ-सफाई और सैनीटाईजेशन का विशेष ख्याल रखा जाये। उन्होने कहा कि अस्पताल में प्रवेश करने वाले लोगों के हाथ धोने के लिये प्रवेश द्वार के समीप साबुन और पानी की भी व्यवस्था करें।

            पवन बजाज द्वारा जिला अस्पताल को निःशुल्क भेंट की गई बॉडी सैनीटाईजर टनल मशीन में सिल्वर नाईट्रेट और हाईड्रोजन परॉक्साईड के समतुल्य मात्रा का पानी में विलयन बनाकर स्प्रे के माध्यम से छिड़काव होता है। टनल मशीन में 100 लीटर पानी की टंकी में 1 लीटर कैमिकल डाला जाता है। जिसका स्प्रे विद्युत मोटर के माध्यम से टनल में लगातार जारी रहता है। पवन बजाज ने बताया कि इस बॉडी सैनीटाईजर टनल मशीन की लागत 30-32 हजार रुपये की आती है।

                  कलेक्टर श्री सिंह ने सिविल सर्जन कक्ष में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 एस0के0 निगम, सिविन सर्जन डॉ0 एस0के0 शर्मा, नोडल अधिकारी कोरोना डॉ0 पी0डी0 सोनी, डॉ0 यशवंत वर्मा, डॉ0 समीर सिंघई एवं अन्य पैरामेडिकल स्टाफ के साथ बैठकर कोरोना संक्रमण से बचाव के उपाय, आवश्यक चिकित्सा प्रबंधों एवं उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी लेकर समीक्षा की। उन्होने कहा कि मौजूदा समय चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ को और भी सजग, सतर्क रहकर अपने कर्तव्यों के निर्वहन करने की आवश्यकता का है। जरा सी लापरवाही हमारे जिले को संकट में डाल सकती है। सुरक्षित रहें, सतर्क रहें और पूरी निष्ठा व समर्पण की भावना के साथ अपने कर्तव्यों पर डटे रहें।

   

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें