मध्यप्रदेश शासन का बड़ा फैसला : कोरोना संक्रमित पत्रकारों को मिलेगी नि:शुल्क इलाज की सुविधा
(भोपाल) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के प्रिंट, इलेक्ट्रानिक और डिजिटल मीडिया के सभी अधिमान्य या गैर-अधिमान्य मीडियाकर्मी और संपादकीय विभाग के कर्मचारियों तथा इनके परिवार के सदस्यों के कोरोना से प्रभावित होने पर उनका नि:शुल्क उपचार किया जाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सभी मीडिया के साथी कोरोना महामारी के काल में जन-जागृति का धर्म निभा रहे हैं इसलिए मीडिया साथियों के परिवार के कोरोना इलाज की चिंता भी मध्यप्रदेश की सरकार करेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निवास पर जारी वीडियो वाइट में एवं अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से यह बात कही।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना संक्रमण के इस विकट संकट में हमारे मीडिया के साथी दिन और रात अपने कर्तव्य का निर्वहन पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ कर रहे हैं। जनता तक जानकारियाँ पहुँचाने के अपने धर्म का निर्वहन करते-करते कई मीडियाकर्मी संक्रमित भी हुए हैं, कुछ का दु:खद स्वर्गवास भी हो गया है। ऐसे में यह आवश्यक है कि जो कोरोना संक्रमित हैं, उनके इलाज की उचित व्यवस्था हो। यदि कोई मीडियाकर्मी या उसके परिवार का सदस्य कोरोना संक्रमित होता है तो उसे उसके हाल पर नहीं छोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस योजना में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के संपादकीय विभाग में कार्य कर रहे सभी पत्रकार, डेस्क में पदस्थ पत्रकार साथी, कैमरामेन, फोटोग्राफर सभी को कव्हर किया जाएगा।
हमारे सभी मीडिया के साथी #COVID19 काल में जन जागृति का धर्म निभा रहे हैं। मध्यप्रदेश में अधिमान्य और ग़ैर अधिमान्य पत्रकार साथियों को पहले से ही पत्रकार बीमा योजना अंतर्गत इलाज की व्यवस्था की गई है और पत्रकार कल्याण योजना द्वारा सहायता दी जा रही है। #MPFightsCorona pic.twitter.com/DfVrj1eKZE
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) May 14, 2021
