मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पूछे – भवानी बहन पथ विक्रेता योजना का लाभ मिलने में कोई दिक्कत तो नहीं हुई
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बाकल निवासी भवानी बाई से किया संवाद
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश के 6 लाख 10 हजार ग्रामीण पथ विक्रताओं को 1-1 हजार रूपये की राशि अंतरित की
कटनी (28 मई)- भवानी बहन नमस्ते। नमस्ते भैया। कैसी हो आप। अच्छी हूं आपकी कृपा से। मैने जो योजना बनाई थी ग्रामीण पथ विक्रेता योजना, उसका लाभ मिला आपको। हां, मिला। क्या लाभ हुआ। अब 300 से 500 तक बरकत हो रही है। यह संवाद मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कांफ्रेन्सिं के माध्यम से जिले की बाकल की निवासी भवानी बाई लोधी से किया। अवसर था ग्रामीण पथ विक्रेताओं को अनुदान वितरण एवं हितगाहियों से सीधे संवाद कार्यक्रम का।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 6 लाख 10 हजार ग्रामीण पथ विक्रेताओं को प्रति हितग्राही 1-1 हजार रूपये के मान से कुल 61 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की। वीसी के माध्यम से जिले से हितग्राही भवानी बाई लोधी के साथ ही विधायक प्रणय प्रभात पाण्डेय, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे सहित एनआरएलएम जिला प्रबंधक शबाना बेगम भी उपस्थित रहीं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री चौहान से संवाद के दौरान भवानी बाई ने उन्हें मिल रही शासन की अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री ने टीकाकरण के प्रति भवानी को प्रेरित भी किया।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पथ विक्रेताओं, दुकानदारों से कहा है कि वे किसी भी ग्राहक को, जिसने मास्क नहीं लगाया है, सामान न दें। स्वयं अनिवार्य रूप से मास्क लगाएं, दुकान पर साबुन व सेनेटाइजर रखें, ग्राहक दूरी रखें व सामान लें। दुकानदार दुकान के सामने गोले बनाएं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान के कहा कि 01 जून से धीरे-धीरे काम धंधा चालू होगा। हमें अब दुकान भी चलाना है और कोरोना संक्रमण को भी रोककर रखना है। पूरी सावधानियां रखेंगे तो कोरोना फैलेगा नहीं और समाप्त हो जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में टीकाकरण का अभियान चलाया जा रहा है, हर व्यस्क व्यक्ति टीका अवश्य लगवाए। सभी संकल्प लें कि स्वयं को एवं परिवार को कोरोना से बचाएं।
आसानी से मिल गया 10-10 हजार रूपये का ऋण
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीण पथ विक्रताओं सीहोर के श्री रजत सेन, गुना से श्री पुरूषोत्तम माली, कटनी से श्रीमती भवानी बाई लोधी तथा छिंदवाड़ा से श्री नेहा करमेले से बातचीत की। सभी ने बताया कि उन्हें योजना में 10-10 हजार रूपये का ब्याज मुक्त ऋण आसानी से प्राप्त हो गया। इससे उन्होंने अपना व्यवसाय किया। रजत सेन चाय नाश्ते की दुकान, पुरूषोत्तम माली सब्जी का ठेला, भवानी बाई चाय की दुकान तथा नेहा करमेले किराने की दुकान चलाती हैं। सभी ने काम-धंधे के लिए 10-10 हजार रूपये के ऋण तथा 1-1 हज़ार रु की सहायता के लिए मुख्यमंत्री श्री चौहान को धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना से भवानी के घर आई आर्थिक निर्भरता
मुख्यमंत्री पथ विक्रेता ग्रामीण योजना की हितग्राही भवानी बाई लोधी बहोरीबंद विकासखण्ड के ग्राम बाकल की निवासी है। भवानी बाई बाल के जय बजरंग स्वसहायता समूह से जुड़ी हुई हैं। वे बाकल बस सटेण्ड के पास चाय व नाश्ते की दुकान का संचालन करती है। योजना के तहत सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया से फरवरी 2021 में 10 हजार रुपये का लोन मिला है। जिसकी किश्त वे समय पर बैंक को अदा कर रही है। भवानी बाई के पति पूना में काम करते थे जिससे उनकी आजीविका चलती थी। वर्तमान में लॉकडाउन के कारण व्यवसायिक गतिविधियां बंद हैं।
श्रीमती लोधी ने बताया कि वे हृदय रोग से पीडि़त थी और ऑपरेशन के बाद घर पर रही रहती थी। उनके पति भगवान सिंह लोधी पूना में मशीन ऑपरेटर का काम करते थे। परंतु पिछले साल उन्हें लॉकडाउन के कारण नौकरी छोड़कर गांव आना पड़ा। जिसके बाद आय के स्त्रोत बंद होने से आर्थिक तंगी की परेशानी भी सामने थी। इस दौरान उन्हें समूह के माध्यम से मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना की जानकारी प्राप्त हुई और उन्होने योजना का लाभ लेने के लिये आवेदन किया। फरवरी माह में सीबीआई बाकल की शाखा से 10 हजार रुपये की ब्याज मुक्त राशि उन्हें मिली और उन्होने चाय, नाश्ते की दुकान बस स्टेण्ड में शुरु की। इस दुकान का संचालन भवानी बाई के पति कर रहे हैं। जिसके माध्यम से प्रतिदिन लगभग 300 से 400 रुपये की बचत भी होने लगी है। भवानी ने बताया कि उनके पति अब बाहर ना जाकर घर में रहकर व्यवसाय कर रहे हैं।
भवानी बाई को शासन की अन्य योजनाओं का लाभ भी मिला है। जिसमें उन्हें प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना स्वीकृत हुई है और उनके घर का निर्माण कार्य भी चल रहा है। इसके साथ ही बीपीएल राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, शौचालय का लाभ भी उन्हे मिला है। वहीं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा में भवानी ने सुरक्षा बीमा भी कराया है। उनकी सास को भी वृद्धावस्था पेंशन मिल रही है। उज्जवला योजना के तहत गैस का कनेक्शन भी भवानी के घर में उपलब्ध कराया गया है।

