सरकार से मिली मदद से रजत के जीवन की राह आसान हुई “खुशियों की दास्तां”
(सीहोर) कोरोना काल में दुकान बंद होने से अनेक कठिनाई का सामना करना पड़ा। परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल था, ऐसे में ग्रामीण पथ विक्रेता योजना से मिली राशि ने सहारा दिया और बंद पड़ी दुकान फिर से शुरु करने में मदद मिलेगी। यह कहना है इछावर तहसील के ग्राम चितोड़िया वन निवासी रजत सेन का। रजत ने बताया की वह ग्राम नापलाखेडी़ में उनकी पान एवं नाश्ते की दुकान है जो कोरोनाकाल में बंद है। दुकान बंद होने से अनेक परिवार के भरण पोषण के साथ ही घर की कई जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक परेशानियों का समाना करना पड़ रहा था। रजत को ग्राम पंचायत सचिव से मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना की जानकारी मिली और उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया। जनपद पंचायत सीहोर द्वारा सत्यापन के बाद उन्हें पंजाब नेशनल बैंक शाखा नापलाखेडी से सितम्बर 2020 में 10 हजार रुपये ब्याज मुक्त ऋण मिला था।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 28 मई को फिर से एक हजार रूपये की सहायता दी गई है। रजत बताते हैं कि ऋण की राशि से उन्होंने दुकान फिर से शुरु की। अब वह दुकान से प्रतिदिन लगभग एक हजार रुपये का लाभ कमा रहे हैं। जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार में हुआ और परिवार का भरण पोषण आसान हो गया। रजत द्वारा 10 हजार रूपये ऋण में से एक हजार रुपये मासिक किस्त के मान से 6 हजार रूपये बैंक को चुका दिए हैं। इस सहायता के अलावा रजत के परिवार को उज्जवला योजना का लाभ भी मिला है। रजत और उनका परिवार आज बहुत खुश है, रजत प्रदेश सरकार को बहुत-बहुत धन्यवाद देते हुए कहते हैं कि सरकार से मिली मदद से जीवन की राज आसान हुई।
