अन्‍न उत्‍सव दिवस पर अधिक से अधिक खाद्यान्‍न का वितरण हो – कलेक्‍टर अभय वर्मा

(अशोकनगर) आगामी 7 जुलाई 2021 को जिले में अन्‍न उत्‍सव का आयोजन कर अधिक से अधिक राशन खाद्यान्‍न का वितरण हितग्राहियों को हो यह सुनिश्चित किया जाए। इस आशय के निर्देश  कलेक्‍टर श्री अभय वर्मा  ने सोमवार को कलेक्‍ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में अपर कलेक्‍टर डॉ. अनुज रोहतगी, सीईओ जिला पंचायत श्री बी.एस.जाटव, समस्‍त एसडीएम, तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत, सीएमओ नगरपालिका सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्‍टर ने खाद्य विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिले में उचित मूल्‍य दुकानों पर राज्‍य शासन द्वारा हितग्राहियों को निशुल्‍क होने वाले खाद्यान्‍न वितरण लक्ष्‍य के अनुरूप हो यह सुनिश्चित किया  जाए। उन्‍होंने खाद्यान्‍न का शत प्रतिशत उठाव तथा पात्रता पर्ची के वितरण के संबंध में निर्देशित किया कि शासन के निर्देशानुसार नए पात्र हितग्राहियों की पात्रता पर्ची जारी कर वितरित की जाएं।

फर्टिलाईजर्स  की उपलब्‍धता सुनिश्चित हो

बैठक में कलेक्‍टर श्री वर्मा ने जिले में खरीफ सीजन 2021 के लिए  फर्टिलाईजर्स की उपलब्‍धता सुनिश्चित बनाए रखने के लिए उपसंचालक कृषि को निर्देशित किया। उन्‍होंने कहा कि निर्धारित दर से ज्‍यादा दर पर फर्टिलाईजर्स का विक्रय न हो। शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता के विरूद्ध सख्‍त कार्यवाही की जाए। साथ ही कृषि अमले द्वारा नियमित रूप से निगरानी रखी जाए। बैठक में बताया गया कि शासन द्वारा डीएपी का निर्धारित मूल्‍य प्रति बोरी कीमत 1200 रूपये 50 किलोग्राम बैग,यूरिया 267 रूपये प्रति 45 किलो,एसएसपी 283.25 प्रति 50 किलोग्राम (पाउडर के रूप में), एसएसपी 313.25 प्रति 50 किलोग्राम (दाने के रूप में),एनपीके (123216)1185 रूपये प्रति 50 किलो तथा एनपीके (102626) 1175 रूपये प्रति 50 किलो की दर निर्धारित की गई है।

स्‍थानांतरण नीति के अंतर्गत प्रस्‍ताव भेजने के निर्देश

बैठक में निर्देश दिए गए कि शासन द्वारा स्‍थानांतरण नीति के अंतर्गत माह जुलाई में शासकीय सेवकों को स्‍थानांतरण किए जाएगें। सभी विभाग प्रमुख तत्‍संबंधी प्रस्‍ताव तैयार कर आगामी टीएल बैठक के पूर्व भिजवाना सुनिश्चित करें।
बैठक में उन्‍होंने कोरोना वैक्‍सीनेशन,औद्योगिक विकास, सीएम हेल्‍पलाईन, आयुष्‍मान कार्ड, लोकसेवा गांरटी,समाधान ऑनलाईन शिकायातों के संबंध में विस्‍तार से विभागवार समीक्षा की गई । उन्‍होंने समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि वरिष्‍ठ कार्यालयों से प्राप्‍त होने वाले समय सीमा के लंबित पत्रों का निराकरण यथासमय किया जाए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें