छिन्दवाड़ा के विकासखंड स्तरीय रोजगार मेले में 180 युवक-युवती रोजगार व प्रशिक्षण के लिये चयनित
(छिन्दवाड़ा) कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन के मार्गनिर्देशन में आज छिन्दवाड़ा में विकासखंड स्तरीय रोजगार मेला संपन्न हुआ। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिन्दवाड़ा में आयोजित इस रोजगार मेले में 92 युवक-युवतियों को जहां सीधे रोजगार मिला, वहीं 88 बेरोजगार आवेदक प्रशिक्षण के लिये चयनित किये गये। मेले में 340 आवेदकों का पंजीयन किया गया।
मध्यप्रदेश डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक सुश्री रेखा अहिरवार ने बताया कि निजी क्षेत्र की कंपनियों में क्षेत्रीय युवक एवं युवतियों को रोजगार के अवसर दिलाने के उद्देश्य से इस रोजगार मेले में 10 कंपनियों द्वारा 180 आवेदकों का चयन किया गया। इसमें वर्धमान यार्नस मंडीदीप भोपाल द्वारा एक, पी.वी. टेक्सटाइल लि.कंपनी वर्धा महाराष्ट्र द्वारा 9, फिल्पकार्ड कंपनी बैंगलोर द्वारा 28, कुलोदय टेक्नोपेक दमन गुजरात द्वारा 15, रिलायबल कंपनी इंदौर द्वारा 10 और एल.आई.सी. छिन्दवाड़ा द्वारा 29 युवाओं को डायरेक्ट नौकरी दी गई। साथ ही युवा शक्ति फाउडेंशन छिन्दवाड़ा द्वारा 18, ए.टी.डी.सी. छिंदवाड़ा द्वारा 36, ट्राइडेंट ग्रुप डी.डी.यू.जी.के.वाय. बुधनी द्वारा 4 और अधीक्षक डाकघर छिन्दवाड़ा द्वारा 30 बेरोजगार आवेदकों का प्रशिक्षण नियोजन में चयन किया गया। रोजगार मेले में जिला प्रबंधक रोजगार श्री सुक्कन कुमार कवड़े, विकासखंड प्रबंधक, सहायक विकासखंड प्रबंधक और आवेदक उपस्थित थे।
