ब्रेकिंग न्यूज़ : खेलो के महाकुंभ ओलंपिक खेलो का जापान के टोक्यो में हुआ आगाज

(नई दिल्ली) कोरोना वायरस के साए में जापान के टोक्यो में खेलों के ‘महाकुंभ’ यानी ओलंपिक खेलों का आगाज हो चुका है। मगर इसकी शुरुआत के साथ ही पाकिस्तान के खिलाड़ी चर्चा में आ गए हैं। किसी खेल में जीत या मेडल को लेकर नहीं, बल्कि पाकिस्तान के खिलाड़ियों का नाम ओलंपिक के दौरान कोरोना गाइडलाइन तोड़ने वालों की लिस्ट में आया है। दरअसल, ओलंपिक सेरेमनी के दौरान जो कोविड नियम तय किए गए, उनका पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने पालन नहीं किया। पाकिस्तान का झंडा थामकर चल रहे एथलीट्स यानी ध्वजावाहकों ने इस दौरान अपने मास्क उतार दिए थे।

पाकिस्तान की ओलंपिक टीम के बाकी सदस्यों ने अपने चेहरों पर मास्क लगाया हुआ था, जबकि अपने देश का झंडा लेकर चल रहे दो एथलीटों ने अपने मास्क उतार दिए। बैडमिंटन खिलाड़ी महूर शहजाद का मास्क उनकी ठुड्डी के नीचे था, जबकि निशानेबाज खलील अख्तर के मास्क से उनका मुंह ढंका था, लेकिन नाक नहीं। इन पाकिस्तानी खिलाड़ियों के वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहे हैं। हालांकि इस समारोह में किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान की टीमों के अधिकांश सदस्य भी बिना मास्क के देखे गए।

कोरोना को लेकर ओलंपिक के नियम

टोक्यो 2020 प्लेबुक और कोविड रोधी कदमों के अनुसार, एथलीटों, प्रीजेंटर्स और वॉलंटियर्स के लिए हर समय मास्क पहनना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं और स्वर्ण और कांस्य पदक विजेताओं के बीच सामाजिक दूरी के पालन के लिए पोडियम मॉड्यूल में बदलाव किए गए हैं। समारोह की पूरी अवधि के दौरान एथलीट अपने स्वयं के पोडियम मॉड्यूल पर रहेंगे। गोल्ड मेडल पोडियम पर कोई ग्रुप फोटो नहीं होगी।

टोक्यो ओलंपिक में कोरोना की दस्तक

गौरतलब है कि टोक्यो ओलंपिक में कोरोना वायरस दस्तक दे चुका है। यहां कोरोना के मामले बढ़कर 100 से अधिक हो गए हैं. आयोजकों ने शुक्रवार को 19 नए मामले सामने आने की घोषणा की। चेक गणराज्य का चौथा खिलाड़ी रोड साइकिलिस्ट मिशेल श्लेजेल कोरोना पॉजिटिव पाया गया। खेलों के उद्घाटन समारोह से पहले कोरोना मामलों की संख्या का शतक पार हो गया। महामारी के कारण समारोह में 1000 से कम लोग होंगे और दर्शकों को अनुमति नहीं दी गई है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें