मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात के बाद नाबार्ड का प्रभावी कदम

नाबार्ड के चेयरमेन डॉ. चिंतला ने ओंकारेश्वर में ग्रामीण मार्ट का किया शुभारंभ

(भोपाल) खण्डवा जिले के पुनासा ब्लॉक के ओंकारेश्वर में नाबार्ड के सहयोग से आज स्वयं सिद्धा ग्रामीण मार्ट का शुभारंभ हुआ। ग्रामीण मार्ट में लगभग 180 स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को बिक्री के लिये रखा जायेगा। नाबार्ड के चेयरमेन डॉ. जी.आर. चिंतला ने ग्रामीण मार्ट का शुभारंभ कर बताया कि पूरे भारत वर्ष में 13 करोड़ महिलाएँ स्व-सहायता समूह से जुड़ी हैं। एक दूसरे की सलाह से समूह को अच्छी सफलता मिल सकती है। डॉ. चिंतला ने कहा कि समूह के सभी सदस्य मन लगाकर कार्य करेंगे तो उनके द्वारा किया गया हर कार्य सफल होगा। आज का छोटा सा कैफे कल बड़ी होटल में परिवर्तित हो सकेगा।

हाल ही में हुई थी मुख्यमंत्री से मुलाकात

उल्लेखनीय है कि नाबार्ड के चेयरमेन डॉ. जी.आर. चिंतला ने 22 जुलाई को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की थी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने डॉ. चिंतला से महिला स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहित कर सहयोग करने की बात कही थी। चर्चा में नाबार्ड द्वारा ग्रामीण विकास, माइक्रो इरीगेशन, डेयरी विकास, सरदार सरोवर बाँध से अधिक से जल प्राप्त करने, सौर ऊर्जा परियोजनाओं, जिला सहकारी बैंकों के सुदृढ़ीकरण आदि क्षेत्रों में मध्यप्रदेश सरकार के साथ कार्य की संभावनाओं के मुद्दे शामिल थे। इसी के साथ मध्यप्रदेश की “एक जिला एक उत्पाद योजना” को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा कृषि उत्पादक संगठनों (एफ.पी.ओ.) को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई थी।

इस अवसर पर हितग्राहियों को स्वयं के व्यवसाय के लिए 27 ग्रुपों को सिलाई, सेंटिंग, सब्जी व्यवसाय, बकरी पालन, किराना दुकान, पत्तल-दोना व्यवसाय आदि के लिए विभिन्न ग्रामों के स्व-सहायता समूहों को राशि के चेक वितरित किए गए। साथ खकनार कृषि विकास प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड बुरहानपुर को 20 लाख रूपये की सहायता मंजूर कर चेक प्रदान किया गया।

स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों ने अपने कार्यों के संबंध में जानकारी दी। डॉ. चिंतला ने कहा कि आप लोगों को अच्छी आमदनी होगी, तो आपके पास पैसा जमा होगा और किसी के सामने हाथ फैलाना नही पड़ेगा, इससे आप स्वयं आत्म-निर्भर बनेंगी। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह द्वारा हस्तकला प्रदर्शनी भी लगाई गई।

नाबार्ड के चेयरमेन डॉ. जी.आर. चिंतला ने पुनासा ब्लॉक के ग्राम भोगांवा में प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित के तहत 67 लाख से बनने वाले 2 हजार मीट्रिक टन के गोदाम का भूमि-पूजन भी किया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें