563 लाख रूपये की लागत का प्रदेश का पहला संयुक्त तहसील भवन विजयराघवगढ़ में लोकार्पित
सौगात और कोरोना से बचाव में जुटे मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने क्षेत्रीयजन कराएं शत प्रतिशत वैक्सीनेशन – विधायक श्री पाठक
आपदा को हम सभी ने देखा, अब सावधानी के साथ पौधे रोपने से भी आएं आगे- कलेक्टर मिश्रा
कटनी – प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने विजयराघवगढ़ क्षेत्र को 563 लाख रूपये की लागत का संयुक्त तहसील भवन दिया है, जो प्रदेश का पहला सर्वसुविधायुक्त भवन है। इससे अब लोगों को एक ही परिसर में सारी सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान, कोरोना व आपदा से निपटने दिन रात काम में लगे हुए हैं और हमारी भी जिम्मेदारी है कि तहसील को मिली सौगात के बदले में हम क्षेत्र में शत प्रतिशत वैक्सीनेशन कराकर उनका आभार व्यक्त करते हुए सहयोग करें। यह बात विजयराघवगढ़ विधायक व पूर्व राज्यमंत्री संजय सतेन्द्र पाठक ने विजयराघवगढ़ में नवनिर्मित संयुक्त तहसील भवन के लोकार्पण समारोह में कही। विधायक श्री पाठक ने कहा कि 563 लाख रूपये की लागत से बना यह संयुक्त तहसील भवन पूरे प्रदेश का पहला भवन है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व खजुराहो सांसद वीडी शर्मा और भूमि दान करने वाले अरुण दुबे परिवार का क्षेत्र की जनता की ओर से आभार भी व्यक्त किया।
समारोह के दौरान कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि नवनिर्मित भवन में एक ही परिसर में सभी काम होंगे। यह भवन नागरिकों को न्याय देने का केन्द्र बने, इस दिशा में सभी अधिकारी काम करें। हम इसका संकल्प भी लें। सीमांकन, नामांतरण समय पर हों। जो कार्यालय आयें, वे दुखी ना लौटें, यह भी सुनिश्चित करें। श्री मिश्रा ने बताया कि विजयराघवगढ़ अस्पताल में जल्द ही ऑक्सीजन प्लॉट भी शुरू होने जा रहा है। कोविड संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है, इससे बचाव के लिए सभी सावधानी बरतें। इस दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने अंकुर अभियान की जानकारी देते हुये सभी इसमें सक्रिय सहभागिता करने की अपील की। समारोह को भाजपा जिला अध्यक्ष रामरतन पायल ने भी संबोधित किया।
इससे पूर्व विधायक श्री पाठक ने अतिथियों के साथ नवनिर्मित तहसील भवन में विधिविधान से पूजन किया और उसके बाद फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत प्रधान ममता पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष रामरतन पायल, कटनी निवर्तमान महापौर शशांक श्रीवास्तव, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक व अधिकारी भी मौजूद थे।

