अनियमितता बरतने पर समिति प्रबंधक पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश –

(सतना)

कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने उपायुक्त सहकारिता को निर्देश दिए हैं कि खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 में तहसील नागौद में संचालित उपार्जन केन्द्र सेवा सहकारी समिति सितपुरा मौहारी ओपेन कैप के समिति प्रबंधक राजमणि मिश्रा, केन्द्र प्रभारी सूर्यपाल सिंह, बृजेश सिंह, मोहम्मद अनीश तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर सतीश शर्मा द्वारा 10 किसानो से उपार्जित की गई धान 787.20 क्विंटल की ऑनलाईन एन्ट्री ई-उपार्जन पोर्टल पर समयावधि में नहीं की गई।
कृषकों से उपार्जन नीति के विरूद्ध ऑफलाईन खरीदी कर अतिमहत्वपूर्ण कृषक कल्याणकारी योजना धान उपार्जन में अवैधानिक रूप से लाभ कमाने की मंशा के चलते नीति विरूद्ध कार्य सम्पादित किया गया, जो गंभीर अनियमितता की श्रेणी में आता है। संबंधित के विरूद्ध तत्काल क्षेत्रीय सहकारिता विस्तार अधिकारी नागौद के माध्यम से प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराया जाना, विभागीय दण्डात्मक कार्यवाही किया जाना एवं सेवा सहकारी समिति सितपुरा के वित्तीय स्त्रोतों, प्रासंगिक व्यय, कमीशन की राशि इत्यादि को तत्काल रोका जाकर 10 कृषकों की उपज 787.20 क्विंटल की भुगतान राशि रूपये 14,28,768 (14 लाख 28 हजार 768) रूपये का अविलंब भुगतान कराया जाना सुनिश्चित करें। भुगतान की राशि कम होने की स्थिति में शेष राशि को संबंधित समिति प्रबंधक राजमणि मिश्रा से वसूले जाने की कार्यवाही भी करें। आगामी उपार्जन में इस प्रकार की गंभीर अनियमितता करने वाली समिति को उपार्जन का कार्य न सौंपा जावे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें