उदासीनता बरतने पर स्लीमनाबाद नायब तहसीलदार को शोकॉज नोटिस जारी – कलेक्टर प्रियंक मिश्रा
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त- कलेक्टर श्री मिश्रा
(कटनी) – कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सीएम हेल्प लाइन के प्रकरणों की समीक्षा की और सख्त लहजे में कहा कि प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने विभागावार सीएम हेल्पलाइन के मामलों की समीक्षा की और प्रकरणों में उदासीनता बरतने के मामले में नायब तहसीलदार स्लीमनाबाद को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही एडीएम को सीएम हेल्प लाइन के प्रकरणों का रिव्यू करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने फसल सांख्यकीय कार्यक्रम की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। आनंदम की ओर से 1 नवंबर से प्रारंभ होने वाली नेकी की दीवार को लेकर कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त से स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं करने व कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। 1 अक्टूबर से 31अक्टूबर तक आयोजित हो रहे स्वैच्छिक रक्तदान माह को लेकर कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग से लोगों को जागरूक करने के साथ ही बड़े स्तर पर स्वैच्छिक रक्तदान कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। मेटरनल डैथ के मामलों को लेकर कलेक्टर ने कहा कि मामला सामने आते ही उसका रिव्यू करें और कारण पता करें। यदि किसी की भी लापरवाही सामने आती है तो तत्काल कार्रवाई की जाए।
शिकायत शाखा के लिपिक को नोटिस जारी
समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने शिकायत शाखा के कार्यों की समीक्षा की। जिसमें विभागीय लिपिक की लापरवाही सामने आने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। स्कूलों में नेस की परीक्षा को लेकर की जा रही तैयारी का रिव्यू कलेक्टर श्री मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि दूसरे विभागों के अधिकारी भी भ्रमण कर रहे हैं और उनके माध्यम से जो कमी मिल रही हैं, उनकी जानकारी एकत्र करें और उनको दूर करने का प्रयास किया जाए। एक जिला एक उत्पाद के अंतर्गत आयोजित होने वाले स्टोन फेस्टीवल की तैयारी की भी टीएल बैठक में समीक्षा की गई। अभिलेख शुद्धिकरण कार्यक्रम में पर्याप्त प्रचार प्रसार करने और उसका रिव्यू करने के निर्देश भी कलेक्टर श्री मिश्रा ने दिए। टीएल में रोजगार मेला आयोजित करने, धान की मिलिंग का कार्य क्वालिटी के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए। जल जीवन मिशन, धारणाधिकार, स्वनिधि के प्रकरणों की भी समीक्षा बैठक में की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों से वैक्सीनेशन कार्य की भी जानकारी ली और अधिक से अधिक लोग द्वितीय डोज समय पर लगवाएं, इसके लिए प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो, सहायक कलेक्टर अंजली रमेश सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

