स्कूल समय पर नही मिलेंगे खुले तो संबंधित शिक्षक होंगे निलम्बित
(इन्दौर) इंदौर संभाग के बड़वानी जिला कलेक्टर श्री शिवराजसिंह वर्मा ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि लॉक डाउन के दौरान बंद करवाये गये स्कूलो को कुछ शर्तो के साथ प्रारंभ करवाने के निर्देश दिये गये है। अतः वे अपने विभागीय दौरे के दौरान जब भी किसी ग्राम या ऐसे क्षेत्र में जाये जहॉ पर शासकीय स्कूल है तो उसका अनिवार्य रूप से निरीक्षण करें और निरीक्षण टीप सीधे कलेक्टर एवं संबंधित विभाग के जिला अधिकारी को दे। इस टीप में स्कूल प्रारंभ था कि नहीं, कितने शिक्षक उपस्थित थे, जो अनुपस्थित था क्या उसका आवेदन सक्षम अधिकारी से स्वीकृत था, स्कूल में कितने विद्यार्थी थे आदि की जानकारी दर्ज हो। टीप में जहॉ स्कूल बंद होने की शिकायत दर्ज हो, उस संस्था के प्रभारी को तत्काल निलम्बित करते हुये अन्य बिन्दुओं की जांच कराई जाये। जबकि अन्य शिकायत होने पर उसका विस्तृत परीक्षण करवाते हुये टीप के साथ पालन प्रतिवेदन कलेक्टर को संबंधित विभाग के जिला अधिकारी भेजेंगे।
सोमवार को समय सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर श्री शिवराजसिंह वर्मा ने उपस्थित समस्त जिला अधिकारियों को उक्त निर्देश दिये। साथ ही कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, डीपीसी, जिला शिक्षा अधिकारी को भी निर्देशित किया कि वे भी सुनिश्चित करायेंगे कि स्कूल नियमित रूप से संचालित हो। साथ ही अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा भेजी गई निरीक्षण टीप में उल्लेखित कमियो का निवारण त्वरित रूप से करवाते हुये पालन प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से कलेक्टर एवं संबंधित निरीक्षणकर्ता अधिकारी को भी देंगे। वहीं इसकी जानकारी समय-सीमा बैठक के दौरान भी बतायेंगे।
