भोजपुर में अनियंत्रित स्कार्पियो ने महिलाओं को रौंदा, चार की मौत

(भोजपुर) बिहार में भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र अंतर्गत देवचंदा पुल के समीप शुक्रवार सुबह बिहियां-बिहटा स्टेट हाइवे पर अनियंत्रित स्कार्पियो ने चार महिलाओं को रौंद दिया। इस हादसे में चारों महिलाओं की मौत हो गई। मरने वाली सभी महिलाओं की पहचान हो गई है।पुलिस ने बताया कि मृतकों में पीरो के ओझवलिया निवासी अशोक कुमार सिंह की 51 वर्षीय पत्नी सरस्वती देवी, शिक्षक हरिप्रसाद सिंह की 62 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी, डीलर वकील सिंह की 52 वर्षीय पत्नी मोतीझारो देवी तथा बरौली निवासी राम सुंदर सिंह की 66 वर्षीय पत्नी मालती देवी हैं। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। घटनास्थल पर सैकड़ों की भीड़ जुट गई थी। लोगों ने करीब पांच घंटे तक सड़क पर जाम लगाकर यातायात बाधित रखा। अधिकारियों के समझाने के बाद अब यातायात सामान्य कर दिया गया है।

एसडीएम और डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया यह हादसा सुबह पांच बजे के आसपास हुआ। थानेदार नंदकिशोर सिंह ने बताया कि दोपहर 11 बजे सड़क पर जाम समाप्त करा दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक परिवार को 20 हजार रुपये पारिवारिक लाभ के तहत प्रखंड कार्यालय की ओर से दिए जाएंगे। तीन हजार रुपये कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत नगर परिषद की ओर से दिए गए हैं। थानेदार नंदकिशोर ने बताया कि ओझवलिया सहित अन्य गांवों के लोग मार्निंग वाक के लिए प्रतिदिन देवचंदा पुल की तरफ जाते हैं। इनमें महिलाओं की तादाद काफी रहती है। शुक्रवार की अहले सुबह उक्त चारों महिलाएं भी टहलने निकली थीं। इसी दौरान पीरो की ओर से जा रही स्कार्पियो ने चारों महिलाओं को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही चारों ने दम तोड़ दिया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें