ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने पिताजी की पुण्यतिथि पर चलाया सफाई अभियान
(भोपाल) ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने पूज्य पिताजी स्व. श्री हाकिम सिंह तोमर की पुण्यतिथि के अवसर पर ग्वालियर में स्वच्छता अभियान चलाकर आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने मुरैना जिले में अपने गाँव नावली में पूज्य पिता जी स्व. हाकिम सिंह तोमर के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य बडा-छोटा नहीं होता है। पार्क, स्कूल, अस्पताल, सड़कें अन्य सार्वजनिक स्थान शहर की पहचान को दर्शाते हैं। इन्हें स्वच्छ रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है, ताकि हमारा ग्वालियर स्वच्छता, सुंदरता में अव्वल रहे।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कांचमिल स्थित नवीन पार्क में साफ-सफाई कर आमजन से स्वच्छता की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना सिर्फ सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, यह हमारी भी सामाजिक व नैतिक जिम्मेदारी है। शहर को स्वच्छ बनाये रखने के लिए, कचरा रोड पर न फेंके, सिर्फ डस्टबिन में ही डालें और कचरा वाहन आने पर उसमें डालें। उन्होंने नवीन पार्क के पास बने सार्वजनिक मूत्रालय की सफाई करते हुए कहा कि क्षेत्रिय अधिकारी इस ओर ध्यान दें कि प्रतिदिन सफाई हो। इसके बाद उन्होंने कांचमिल स्थित नवीन पार्क में झाडू लगाया और उन्होंने कहा कि लोगों को न तो स्वयं गंदगी फैलानी चाहिए और न ही किसी और को फैलाने देना चाहिए, तभी हमारा शहर स्वच्छता में अव्वल आ सकता है। शहर को स्वच्छ रखेंगे तभी हमारे नौनिहाल कई बीमारियों से बचेगें।
