इंडियन एयरफोर्स ने दी जानकारी – हेलिकॉप्टर हादसे में एकमात्र जीवित बचे कैप्टन वरुण सिंह का क्या है हाल?
(नई दिल्ली) हेलिकॉप्टर हादसे में जीवित बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है लेकिन उनकी हालत स्थिर है। वह बेंगलुरु कमांड अस्पताल में लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर हैं। इंडियन एयरफोर्स के अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है। आपको ज्ञात हो कि बेंगलुरु के आर्मी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने इससे पहले बताया था कि बीते गुरुवार को वरुण सिंह को तमिलनाडु के वेलिंगटन से बेंगलुरु के कमान अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया था।
वरुण सिंह का जीवन बचाने के लिए प्रधानमंत्री ने मां पाटेश्वरी से की थी प्रार्थना
तमिलनाडु के कुन्नूर में एयर फोर्स का हेलीकॉप्टर क्रैश होने की घटना में एकमात्र जिवित बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की सलामती के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां पाटेश्वरी से शनिवार को प्रार्थना की थी। बलरामपुर में सरयू नहर के लोकार्पण समारोह के बाद सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने देवरिया के सपूत को याद करते हुए कहा था कि पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा है।
रक्षामंत्री राजनाथ ने की ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के पिता से बात
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के पिता से बात की जिनका बेंगलुरु के अस्पताल में इलाज चल रहा है। बुधवार को कुन्नूर के पास भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टर दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

