सीबीआई ने 50 लाख रुपये घूस लेते रेलवे अधिकारी को दबोचा
(गुवाहाटी) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक रेलवे अधिकारी को गुवाहाटी में एक संस्था के कर्मचारी से रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों ने मंगलवार को बताया है कि गिरफ्तार रेलवे अधिकारी की पहचान रंजीत कुमार बोरा के रूप में की गयी है। बोरा गुवाहाटी स्थित पूर्वोत्तर सीमा रेलवे मुख्यालय (निर्माण) संगठन में मुख्य तकनीकी अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।
सूत्रों के मुताबिक बिजली विभाग के मुख्य तकनीकी अधिकारी रंजीत कुमार बोरा ने विद्युत विभाग का ठेका देने के नाम पर एक संस्थान से 2.50 करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग की थी। सूत्रों ने बताया है कि संस्था से उन्हें 50 लाख रुपये अग्रिम लेने के दौरान कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद बोरा के गुवाहाटी के हेंगराबारी स्थित घर में सीबीआई ने छापेमारी की। जहां से काफी आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
