भारत-फ्रांस द्विपक्षीय वार्ता में आपसी रक्षा सहयोग मजबूत बनाने पर सहमत
तीसरी वार्षिक रक्षा वार्ता में द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और रक्षा औद्योगिक सहयोग पर ध्यान केन्द्रित किया गया
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात में वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए फ्रांस ने साथ देने का भरोसा दिलाया
(नई दिल्ली) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फ्रांसीसी समकक्ष सुश्री फ्लोरेंस पार्ली के साथ नई दिल्ली में तीसरी वार्षिक रक्षा वार्ता की। इस दौरान दोनों ने समुद्री सुरक्षा, संयुक्त अभ्यास, राफेल जेट की समय पर आपूर्ति, आतंकवाद का मुकाबला करने, नई मेक इन इंडिया परियोजनाओं और भारत-फ्रांस रक्षा सहयोग को मजबूत बनाने के मुद्दे पर चर्चा करके सहमति व्यक्त की। रक्षा वार्ता में द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और रक्षा औद्योगिक सहयोग के व्यापक मुद्दों पर भी ध्यान केन्द्रित किया गया। इससे पहले फ्रांस की सशस्त्र सेना मंत्री फ्लोरेंस पार्ली ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात की।
भारत और फ्रांस के बीच तीसरी वार्षिक रक्षा वार्ता में दोनों रक्षा मंत्रियों ने मौजूदा सैन्य-से-सैन्य सहयोग की समीक्षा की, जो महामारी की चुनौतियों के बावजूद बढ़ा है। उन्होंने सभी क्षेत्रों में रक्षा सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। दोनों देशों की सेनाओं ने पिछले माह फ्रांस में आतंकवाद विरोधी अभियानों पर ध्यान केंद्रित करते हुए अपने वार्षिक द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास ‘शक्ति’ का समापन किया है। दोनों देशों के बीच भविष्य के सहयोग और सह उत्पादन पर ध्यान देने के साथ रक्षा औद्योगिक सहयोग पर चर्चा की गई। फ्लोरेंस पार्ली ने कहा कि भारत-फ्रांस सामरिक साझेदारी आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है।
