देश में अभी तक ‘ओमीक्रोन’ के 213 मामले आए सामने
(नई दिल्ली) भारत में कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ के 213 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 90 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं या अन्य स्थानों पर चले गए। ये मामले 15 राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों में सामने आए।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि दिल्ली में ‘ओमीक्रोन’ स्वरूप के सबसे अधिक 57 मामले, महाराष्ट्र में 54, तेलंगाना में 24, कर्नाटक में 19, राजस्थान में 18, केरल में 15 और गुजरात में 14 मामले सामने आए हैं।
मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में एक दिन में कोविड-19 के 6,317 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,47,58,481 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 78,190 रह गई है, जो 575 दिन में सबसे कम है। 318 और संक्रमितों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,78,325 हो गई।
