भारत के 17 साल के लड़के को चीनी सेना ने किया अगवा, सांसद ने भारत सरकार से मांगी मदद

Advertisement

(अरुणाचल प्रदेश) अरुणाचल प्रदेश से सांसद तापिर गाओ (Tapir Gao) ने बुधवार को कहा कि चीन (Chinese Army) की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने राज्य में भारतीय क्षेत्र के अपर सियांग जिले से 17 वर्षीय एक किशोर का अपहरण कर लिया है. गाओ ने कहा कि अपहृत किशोर की पहचान मिराम तरोन के रूप में हुई है. उन्होंने कहा कि चीनी सेना ने सियुंगला क्षेत्र के लुंगता जोर इलाके से किशोर का अपहरण किया. इससे पहले भी चीनी सैनिकों की ओर से अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में घुसपैठ की खबरें आई थीं.

सांसद ने लोअर सुबनसिरी जिले के जिला मुख्यालय जिरो से फोन पर पीटीआई-भाषा से कहा कि पीएलए से बचकर भागने में कामयाब रहे तरोन के मित्र जॉनी यइयिंग ने स्थानीय अधिकारियों को अपहरण के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दोनों किशोर जिडो गांव के रहने वाले हैं.

सांसद ने कहा कि यह घटना उस स्थान के पास हुई, जहां शियांग नदी अरुणाचल प्रदेश में भारत में प्रवेश करती है. इससे पहले गाओ ने ट्वीट कर मंगलवार को किशोर के अपहरण के बारे में जानकारी साझा की.

उन्होंने ट्वीट के साथ अपहृत किशोर की तस्वीर साझा की और कहा, ‘भारत सरकार की सभी एजेंसियों से किशोर की जल्द रिहाई सुनिश्चित करने का अनुरोध है.’ गाओ ने यह भी कहा कि उन्होंने इस घटना के बारे में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक को सूचित किया है.

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें