भाजपा की स्टार प्रचारक और महिला पहलवान बबीता फोगाट के काफिले पर हमला

Advertisement
(मेरठ) मेरठ जिले के सिवालखास विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहीं महिला पहलवान बबीता फोगाट के काफिले पर दबथुवा गांव में हमला हुआ। इस दौरान लोगों के साथ मारपीट की गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मशहूर महिला पहलवान और भाजपा की स्टार प्रचारक बबीता फोगाट मेरठ में भाजपा उम्मीदवारों के चुनाव प्रचार में जुटी हैं। शनिवार को सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी मनिंदर पाल सिंह के पक्ष में बबीता फोगाट चुनाव प्रचार के लिए निकली थीं। मनिंदर पाल सिंह की पत्नी सिंपल सिंह के साथ बबीता फोगाट दबथुवा गांव में वोट मांग रही थीं। भाजपा नेता अनिल चौधरी ने बताया कि गांव में जनसंपर्क पूरा हो गया था और टीम भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र चौधरी के घर पहुंची। आरोप है कि उसी दौरान रालोद समर्थकों ने लाठी-डंडे लेकर भाजपा के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध करने पर काफिले पर हमला कर दिया और लोगों से मारपीट की गई। इस मारपीट में सत्येंद्र चौधरी, सचिन पंघाल, रौनक चौधरी, भूरा आदि कई लोग घायल हो गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है। इसके विरोध में सरधना थाने में तहरीर देने की तैयारी की जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सत्येंद्र का सीएचसी में उपचार कराया। बबीता फोगाट ने आरोप लगाया कि जनसपंर्क के दौरान आरोपितों ने महिलाओं से भी अभद्रता की। गाड़ी के ऊपर डंडे मारे। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण केशव कुमार ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है। उनका कहना है कि 01 आदमी की नाक पर खरोच आई है। अगर तहरीर नहीं आई तो पुलिस जांच करके कार्रवाई करेगी।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें