रिवाड़ी हरियाणा से सागर आयेंगे कटनी के 189 प्रवासी मजदूर
कटनी – भारत सरकार रेल्वे मंत्रालय और राज्य शासन के प्रयासों से अन्य प्रान्तों में लॉकडाउन की अवधि में फंसे प्रदेश के मूल निवासी श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी की जा रही है। इसी क्रम में 8 मई की शाम 7.30 बजे मध्यप्रदेश के 18 जिलों के 1142 प्रवासी मजदूरों को लेकर विशेष श्रमिक ट्रेन क्रमांक 09779 हरियाणा के रिवाड़ी से सागर के लिये रवाना होगी। यह विशेष ट्रेन 9 मई की प्रातः 6 बजे सागर पहुंचेगी। इस ट्रेन में शामिल कटनी जिले के 189 मजदूरों को बसों के माध्यम से सागर से कटनी लाया जायेगा।
जिलास्तरीय कन्ट्रोल रुम से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के 18 जिलों के 1142 मजदूर इस विशेष ट्रेन से रेवाड़ी हरियाणा से प्रस्थान करेंगे। इनमें सागर के 18, भिण्ड के 31, मुरैना के 4, झांसी के 1, मण्डला के 15, रीवा के 3, मंदसौर के 3, पन्ना के 226, कटनी के 189, दतिया के 25, छतरपुर के 278, निवाड़ी के 2, रायसेन के 13, दमोह के 161, टीकमगढ़ के 95, सतना के 34, उज्जैन के 4 और ग्वालियर के 2 मजदूर शामिल हैं। इन यात्रियों को गंतव्य के रेल्वे स्टेशन से संबंधित जिलों में बसों द्वारा स्वास्थ्य जांच के पश्चात सुरक्षित पहुंचाया जायेगा। इसी प्रकार शुक्रवार को सागर की तरफ से विभिन्न बसों मंे कटनी की विभिन्न तहसीलों के 297 प्रवासी मजदूरों की घर वापसी हुई है। इनमें ढीमरखेड़ा के 73, कटनी के 17, रीठी के 74, बहोरीबंद के 121, विजयराघवगढ़ और बड़वारा के एक-एक तथा सिहोरा जबलपुर के 10 श्रमिक शामिल रहे। बसों से कटनी के बड़गांव नाके पर सागर से आये हुये सभी श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण स्क्रीनिंग मेडिकल टीम द्वारा कराया गया। सभी श्रमिकों को भोजन पानी के प्रबंधों के साथ गंतव्य स्थान के लिये स्थायी बसों से रवाना किया गया है।

