समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने किसान अब 17 अप्रैल तक करा सकेंगे स्लॉट बुकिंग
(कटनी)– किसान समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिये अब 17 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग करा सकेंगे। पहले स्लॉट बुकिंग की आखिरी तारीख 13 अप्रैल थी। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने किसान भाईयों से आग्रह किया है कि जो किसान किन्ही कारणोंवश अब तक स्लॉट बुकिंग नहीं करा पाये थे, वे अब बढ़ी तारीख का लाभ लेकर स्लॉट की बुकिंग करा ले।
स्लॉट की बुकिंग के सात दिन के अंदर किसान अपना गेहूं खरीदी केन्द्रों में बेचने के लिये ले जा सकेंगे। किसान भाई www.mpeuparjan.nic.in पर जाकर स्लॉट बुकिंग करा सकते हैं। किसान खुद के मोबाईल से स्लॉट बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा एमपी ऑनलाईन, कॉमन सर्विस सेन्टर, ग्राम पंचायत, लोक सेवा केन्द्र, इंटरनेट कैफे, खरीदी केन्द्र से भी बुकिंग हो सकेगी। स्लॉट की बुकिंग प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर दो बजे से शाम 6 बजे तक की जा सकेगी।
कृषक स्वयं के मोबाईल, ग्राम पंचायत, उपार्जन केन्द्र पर निःशुल्क स्लॉट बुकिंग कर सकते हैं। एमपी ऑनलाईन, सीएससी, लोक सेवा केन्द्र, इंटरनेट कैफे पर प्रति स्लॉट बुकिंग का शुल्क रुपये 10 निर्धारित है। उक्त निर्धारित राशि से अधिक राशि किसी भी स्थिति में कृषक से प्राप्त ना की जाये।
