राजनैतिक दलों की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में चुनाव कार्यक्रम, आदर्श आचरण संहिता की दी गई जानकारी

Advertisement

(कटनी)- नगरीय निकाय निर्वाचन 2022-23 के घोषित कार्यक्रम और समस्त चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की मौजूदगी में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें निर्वाचन आयोग के निर्देशों और निर्वाचन कार्य की जानकारी विस्तार से दी गई।

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में आदर्श आचरण संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन भी मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि नगरीय निकाय निर्वाचन अंतर्गत प्रथम चरण व द्वितीय चरण के चुनाव की अधिसूचना 11 जून को जारी होगी और इसी दिन से नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी और नाम निर्देशन प्राप्त करने की अंतिम तारीख 18 जून रहेगी। 20 जून को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी और 22 जून तक अभ्यर्थी नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापिसी के बाद अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। प्रथम चरण के लिए मतदान 6 जुलाई को होगा और परिणाम की घोषणा 17 जुलाई को होगी। वहीं द्वितीय चरण के लिए मतदान 13 जुलाई को होगा और परिणामों की घोषणा 18 जुलाई को की जाएगी। प्रथम चरण में नगर परिषद विजयराघवगढ़ व कैमोर और द्वितीय चरण में नगर पालिक निगम कटनी व नगर परिषद बरही का निर्वाचन होगा।

            बैठक में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने आयोग के नियम व प्रावधान की जानकारी दी गई। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के पूछे सवालों का जवाब देकर उनका समाधान किया गया। बैठक में अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो, उपजिला निर्वाचन अधिकारी साधना परस्ते, डिप्टी कलेक्टर संस्कृति शर्मा, नगर निगम आयुक्त सतेन्द्र धाकरे सहित संबंधित अधिकारी, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें