कलेक्टर ने नागरिकों से की अपील, कोविड-19 संक्रमण के लक्षण होने पर तुरंत बताएं, छिपाएं नहीं

रायसेन :

सही समय पर उपचार प्रारंभ होने से स्वस्थ्य होकर घर लौटे कोरोना संक्रमित मरीज

जिले में नोवेल कोरोना वायरस कोविड-19 संक्रमण को फैलने से रोकने तथा बचाव के लिए कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव ने सभी नागरिकों से अपील की है कि कोविड-19 संक्रमण के लक्षण होने पर छुपाएं नहीं, तुरंत बताएं। किसी भी व्यक्ति को सर्दी, खांसी, बुखार तथा गले में खराश हो तो तत्काल शासकीय चिकित्सालय में स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। जिससे कि आवश्यकतानुसार शीघ्र उपचार प्रारंभ किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जिले के 59 कोरोना संक्रमित व्यक्ति त्वरित ईलाज, बेहतर देखभाल और दृढ़ इच्छाशक्ति से कोरोना को हराकर अपने घर पहुंचे हैं। इन सभी व्यक्तियों को कोरोना संक्रमण के लक्षण मिलते ही भर्ती कर दिया गया था तथा रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी प्रोटोकाल का पालन सुनिश्चित करते हुए चिकित्सकों की निगरानी में समुचित उपचार किया गया। मरीजों द्वारा अपनी बीमारी के बारे में तुरंत बताने से उनका सही समय पर उपचार प्रारंभ हो सका और वह स्वस्थ्य होकर वापस अपने घर लौट गए हैं। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों को उपचार के साथ-साथ रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए पर्याप्त प्रोटीन तथा विटामिनयुक्त नाश्ता और भोजन दिया जा रहा है।
कलेक्टर श्री भार्गव ने नागरिकों से कहा है कि कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए मुंह पर मास्क लगाए और समय-समय पर हाथों को सेनेटाईजर या साबुन से अच्छी तरह धोएं। उन्होंने नागरिकों से लॉकडाउन के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की भी अपील की है। इसके साथ ही जिले में अन्य प्रदेश या जिलों से आने वाले लोगों की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में देने के लिए भी कहा है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें