मुस्लिम समाज सादगी के साथ ईद का त्यौहार मनाएंगे

शाजापुर :

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन की बैठक सम्पन्न

    कोरोना वायरस (कोविड-19) हमारे बीच महामारी लेकर आया है। इसके संक्रमण से हमे बचना है और लोगो को भी बचाना है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए शाजापुर में मुस्लिम समाज में ऐलान कराया गया है कि इस बार की ईद सादगी के साथ मनाई जाना है। यह बात काजी श्री एहसानउल्ला ने आज पुलिस एवं जिला प्रशासन के साथ मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों की बैठक में कही। उल्लेखनीय है कि जिले में कोरोना वायरस के नियंत्रण एवं बचाव के संबंध में लॉकडाउन के दौरान रमजान माह के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई थी।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज श्रीवास्तव, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती मंजूषा विक्रांत राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर.एस. प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी श्री एस.एल. सोलंकी, एसडीओपी श्री ए.के. उपाध्याय, तहसीलदार श्री सत्येन्द्र बैरवा, सीएमओ नगरपालिका श्री भूपेन्द्र दीक्षित सहित श्री बाबू खान खरखरे, श्री सलीम बैग, श्री शेख समीम सम्मू भाई, श्री रफीक पेन्टर, श्री शोराब, श्री हाफिज अब्दुल गफ्फार, नायब शहर काजी श्री रहमत उल्ला, श्री असद उल्लाह पठान, श्री अब्दुल अहमद खान, श्री नईम कुरैशी, श्री अब्दुल हाफिज खॉ कासमी, हाजी श्री इब्राहिम खॉ भी मौजूद थे।
इस अवसर पर काजी श्री एहसानउल्ला ने संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना वायरस की मानवीय त्रासदी के कारण लाखों लोग मौत के मुंह में जा रहे है, ऐसे में हमारे द्वारा निर्णय लिया गया है कि इस बार ईद सादगी के साथ मनाई जाएगी। हमारे समाज के लोग रमजान के पाक महिने में ईद के अवसर पर नए कपडे़, जूते आदि नहीं पहनेंगे। राज्य शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा तय की गई गाईड लाईन का पालन किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. रावत ने कहा कि मुस्लिम समाज ने कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए अच्छा सराहनीय संदेश दिया है। सभी जन मिल जुल कर कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलाव को रोकने में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। ईद का त्यौहार घर पर ही मनाए। इस त्यौहार पर भले ही गले न मिल पाए पर सब दिल से एक साथ रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री श्रीवास्तव ने कहा कि भारत सरकार की गाईड लाईन के आधार पर राज्य सरकार गाईड लाईन बनाती है। गाईड लाईन के अनुसार किसी भी तरह के धार्मिक, राजनैतिक, सार्वजनिक समारोह, शादी समारोह आदि पर रोक है। आस पास के जिलो में जिस तरह संक्रमण का फैलाव हो रहा है, इसे देखते हुए हमारे जिले में संक्रमण न फैले इसमें सबकी भागीदारी जरूरी है। यदि धार्मिक त्यौहार के नाम पर सब एक जगह एकत्रित होंगे तो संक्रमण फैलने का गंभीर खतरा हो सकता है और हमारी मेहनत पर पानी फिर जाएगा और हम पीछे चले जाएंगे। इसलिए जरूरी है कि गाईड लाईन के अनुसार कार्य किए जाए। आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए कुछ छूट दी जा रही है, इसका यह मतलब नहीं है कि वायरस ने कोई छुट दी है। अपने आप को कितना बचाना है यह स्वयं अपने पर निर्भर है। बाजार खुलने पर जरूरी है कि भीड़ न बढ़े। दुकानों पर भीड़ बढ़ने से दुकानदार के लिए संक्रमण का खतरा सबसे ज्यादा रहेगा। दुकानदार यदि संक्रमित होता है तो उससे कितने लोगों को संक्रमण फैलेगा गिनना मुस्किल हो जाएगा। सभी लोगां से अनुरोध है कि कुछ दिन संयम रखे और ईद का त्यौहार घर पर ही मनाए। श्री नईम कुरैशी ने बताया कि इस बैठक के पूर्व मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने डिजिटली मीटिंग लेकर प्रस्ताव पर सहमति दी है कि ईद के त्यौहार को लेकर जिला प्रशासन को धर्म संकट में नही डालेंगे। सभी लोग कोरोना वायरस से मुक्त होने के लिए जो भी गाईड लाईन तय की जाएगी उसका पालन करेंगे।
इस अवसर पर श्री बाबू खान खरखरे, श्री इब्राहिम खॉं, श्री रहमत उल्ला सहित अनेक प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें