पीरबाबा और चाका में सड़क यात्रियों के भोजन की व्यवस्था
एसडीएम एवं तहसीलदार ने किया निरीक्षण
कटनी – कोरोना संक्रमण से बचाव के दृष्टिगत चल रहे लॉकडाउन की अवधि में कटनी शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों एवं अन्य माध्यमों से आने वाले प्रवासी मजदूरों व अन्य व्यक्तियों की पीरबाबा चैकपोस्ट और चाका बायपास पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक जांच की जा रही है। कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशानुसार इन दोनों चैकपोस्ट पर आने वाले दूसरे प्रान्तों एवं जिलों के व्यक्तियों को दोनो समय के भोजन की व्यवस्था की गई है।
पीरबाबा और चाका बायपास स्थित चैकपोस्ट पर वाहनों की जांच और उनसे आने वाले व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। इसके साथ ही चैकपोस्ट पर नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराये गये सैनीटाईजर स्प्रे पम्प के माध्यम से वाहनों को सैनीटाईज्ड भी किया जा रहा है तथा आने वाले व्यक्तियों के हाथ धुलाने साबुन और पानी की व्यवस्था भी की गई है। दूर की यात्रा करके आने वाले ट्रक के ड्राईवर, क्लीनर या अन्य श्रमिकों तथा राजमार्ग से गुजरने वाले बस और वाहन के यात्रियों को इन दोनों ही चैकपोस्ट पर ताजे भोजन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। राजस्व विभाग द्वारा व्यक्तिगत स्वच्छता और संक्रमण से बचाव के साधन के रुप में यात्रियों को निःशुल्क साबुन के वितरण की वयवस्था की गई है। प्रत्येक व्यक्ति को भोजन और प्रत्येक परिवार के मान से एक-एक साबुन दिया जा रहा है।
एसडीएम बलबीर रमन और तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव ने सोमवार को पीरबाबा और चाका बायपास का निरीक्षण कर सड़क यात्रियों को दी जा रही भोजन, पानी की व्यवस्था और स्वास्थ्य जांच की गतिविधियों का जायजा लिया। एसडीएम बलबीर रमन ने बताया कि राजमार्ग से निकलने वाले वाहनों, बसों और अन्य वाहनों से गुजरने वाले यात्रियों को दोनो समय के भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही यात्रियों के साथ चलने वाले बच्चों के लिये बिस्कुट और ब्रेड भी वितरण किया जा रहा है। स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से पीरबाबा और चाका बायपास पर पैदल यात्रियों के लिये चरणपादुका भी वितरित किये जा रहे हैं।

