सोमवार को 5 हजार 641 लोगों को दी गई रोग प्रतिरोधात्मक आयुष औषधि
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशानुसार कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिये लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने आयुष औषधियों का सेवन कराया जा रहा है। जिला आयुष विभाग द्वारा अपने 33 ग्रामीण औषधालयों के क्षेत्रान्तर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में आयुष दवा वितरण कराने 33 आयुष टीमें गठित की गई हैं। यह टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव की सावधानियों और सोशल डिस्टेन्स का पालन करने के लिये जागरुक भी कर रही हैं।
जिला आयुष अधिकारी डॉ0 आर0के0 सिंह ने बताया कि सोमवार 18 मई को जिले में कुल 5 हजार 641 व्यक्तियों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथी औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया है। इस दौरान 1399 व्यक्तियों को आयुर्वेदिक औषधि मंे 15.35 किलोग्राम त्रिकटु चूर्ण का वितरण किया गया है। इसके साथ ही 4242 व्यक्तियों को 849 ड्रम आर्सेनिक एल्बम होम्योपैथी दवा प्रदान की गई है।
वहीं 18 मई 2020 तक जिले में 5 लाख 94 हजार 455 लोगों को निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथी औषधि का वितरण किया गया है। शहरी क्षेत्रों में 23 हजार 786 लाभार्थियों को आयुर्वेदिक दवायें और 53 हजार 598 लाभार्थियों को होम्योपैथी दवा आयुष विभाग के द्वारा वितरित की गई है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 89 हजार 28 व्यक्तियों को आयुर्वेदिक एवं 4 लाख 28 हजार 43 व्यक्तियों को होम्योपैथी औषधि का वितरण विभागीय अमले ने किया है। अभी तक बाहर से आये 23493 मजदूरों को आयुष दवा की खुराक दी गई है। ग्रामीण क्षेत्र में 33 और शहरी क्षेत्र में 4 कुल 37 आयुष टीमें सतत् रुप से दवा वितरण कर रही हैं। अब तक 347 ग्राम पंचायत और 18 शहर के वार्ड सहित 365 पाकेट में दवा वितरण पूर्ण हो गया है।

