कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने एसीसी दिशा सेंटर कैमोर के नवीन भवन का किया उद्घाटन
जल संरक्षण संरचनाओं का किया गया निरीक्षण एवं भूमिपूजन
(कटनी)- क्षेत्रीय युवाओं के कौशल प्रशिक्षण हेतु कैमोर में एसीसी दिशा सेंटर के नए भवन का उद्घाटन धनतेरस पर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के करकमलों द्वारा डायरेक्टर प्लांट के. आर. रेड्डी की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष मनीषा अजय शर्मा, उपाध्यक्ष संतोष केवट, पूर्व उपाध्यक्ष अजय शर्मा, एसीसी कैमोर प्लांट से आसित पुरोई, नीरज सिंह, अमिताभ राजन, विंस्टन एवं राजीव दुबे प्रमुख रूप से उपस्थित रहें।
कलेक्टर द्वारा दिशा सेंटर में संचालित समस्त कौशल प्रशिक्षण व स्वरोजगार प्रशिक्षण से जुड़े केंद्रो का भ्रमण किया गया। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों से वार्तालाप भी हुई। दिशा सेंटर के नए भवन में रूरल बीपीओ प्रोजेक्ट एवं डोमेस्टिक इलेक्ट्रीशियन कोर्स संचालित किया जा रहा है। जिस हेतु एसीसी ट्रस्ट द्वारा संपूर्ण लैब का सेटअप किया गया है। स्थानीय युवतियों के द्वारा उनके गृह नगर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ई-बिजनेस और ई-कॉमर्स पर कार्य करने पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सराहना की। सी.एस.आर. हेड ऐनेट एफ विश्वास ने बताया की रूरल बीपीओ प्रोजेक्ट का विस्तार आगामी माह तक लगभग 50 युवतियों के साथ एवं आगामी वर्ष में 100 युवतियों के साथ प्रस्तावित हैं। कलेक्टर मिश्रा ने इस तरह की परियोजना का संचालन जिला स्तर पर भी करने का प्रस्ताव दिया। जिससे कटनी शहरी क्षेत्र के भी बच्चे लाभान्वित हो सकें।

महिला स्वसहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल का भी अवलोकन कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा किया गया जिनमे विशेष रूप से बांस हस्तशिल्प उत्पादों की सराहना की, एवं उसके मार्केटिंग और विस्तार पर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।एसीसी सी.एस.आर. परियोजना के अंतर्गत संचालित डिजिटल बस (एच.पी. वर्ल्ड ऑन व्हीकल) का अवलोकन किया, एवं उसके बहुआयामी प्रयोग को समझते हुए बस को प्रत्येक ब्लॉक के चयनित सी.एम. राइस स्कूलों में भेज कर विद्यार्थियों को डिजिटल एजूकेशन से जोड़ने का सुझाव भी दिया गया तत्पश्चात कलेक्टर मिश्रा ने एसीसी ट्रस्ट द्वारा जल संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली। साथ ही दो प्रगतिशील कार्यों का अवलोकन किया। जिनमे कैमोर के पनिहाई धाम से जुड़े पहाड़ी क्षेत्र में किए गए जल संरक्षण कार्यों का निरीक्षण किया गया। जिनमे 27 लूज बोल्डर एवं 4 गेबियन स्ट्रक्चर शामिल हैं।

जल संरचनाओं का निरीक्षण
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत ग्राम पंचायत अमेहटा में एसीसी ट्रस्ट कैमोर द्वारा पुराने तालाब का गहरीकरण कार्य किया गया है, जिसमे की लगभग 13 हजार क्यूबिक मीटर से अधिक पानी संरक्षित किये जाने का प्रावधान है। साथ ही इसी तालाब के नज़दीक पहाड़ी क्षेत्र से बह रहे पानी को संरक्षित करने हेतु चेक डेम और वेस्ट वेयर निर्माण कार्य प्रस्तावित है। जिससे 3 हजार घन मीटर पानी संरक्षित किया जाना संभावित है। इस कार्य का भूमि पूजन भी कलेक्टर द्वारा डायरेक्टर प्लांट के. आर. रेड्डी की उपस्थिति में किया गया एसीसी सी.एस.आर. द्वारा विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से किए जा रहे समस्त कार्यों की कलेक्टर द्वारा सराहना की।

इस कार्यक्रम को पूर्ण रूप से सफल बनाने में एसीसी ट्रस्ट टीम के साथ सहयोगी संस्थान जनमंगल संस्थान, मानव जीवन विकास समिति, नाद गुंजन कला परिषद की मुख्य भूमिका रही है।

