स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में संभागायुक्त ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को दिये निर्देश

Advertisement

महिलाओं और युवाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने राजनैतिक दलों से भी किया सहयोग का आग्रह

(कटनी)- संभागायुक्त श्री बी. चंद्रशेखर ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के दौरान ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो बढ़ाने के लिए ज्यादा प्रयासों की आवश्यकता बताई है। उन्होंने कहा है कि उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देना होगा जहां ईपी रेशियो और जेंडर रेशियो अपेक्षाकृत कम है। ऐसे क्षेत्रों में मतदान केन्द्रवार उपलब्ध डेटा का विश्लेषण कर नये मतदाताओं तथा सभी पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की जिम्मेदारी पुनरीक्षण कार्य से जुड़े अधिकारियों को लेनी होगी।

            संभागायुक्त श्री चंद्रशेखर आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई स्टैडिंग कमेटी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अवि प्रसाद, अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारी तथा जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र मुड़वारा, बड़वारा, विजयराघवगढ़ एवं बहोरीबंद के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मौजूद थे। विदित हो कि संभागायुक्त  बी. चंद्रशेखर को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कटनी जिले के लिए मतदाता सूची प्रेक्षक (रोल आर्ब्जवर) नियुक्त किया गया है।

            संभागायुक्त ने बैठक में मौजूद राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची में नये मतदाताओं खासतौर पर युवाओं एवं महिलाओं के नाम जोड़े जाने के कार्य में सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि राजनैतिक दल के पदाधिकारी अपने स्तर पर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति लोगों को जागरूक कर सकते हैं, ताकि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप हर पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जुड़ सके। राजनैतिक दलों से मतदान केन्द्र पर अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने का आग्रह भी उन्होंने किया।

            संभागायुक्त ने बैठक में कहा कि जिन क्षेत्रों में जेंडर रेशियो कम है वहां सभी पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने घर-घर सर्वे किया जाये। उन्होंने इस कार्य में आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सहयोग लेने के निर्देश निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को दिये। श्री चंद्रशेखर ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार भी किया जाये। उन्होंने कहा कि इसके लिए स्वीप की गतिविधियों को विस्तार दिया जाये तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने प्रेरित किया जाये। उन्होंने शहरी क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में लगे वाहनों का पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति जनजागरूकता पैदा करने में इस्तेमाल करने का सुझाव भी दिया।

18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने घर-घर करें सर्वे

            संभागायुक्त ने 18 से 19 वर्ष के युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने को प्राथमिकता देने के निर्देश निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को दिये। उन्होंने इसके लिए स्कूलों और कॉलेजों में ज्यादा से ज्यादा शिविरों के आयोजन की जरूरत बताई। साथ ही घर-घर सर्वे कर ऐसे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिये। श्री चंद्रशेखर ने मतदाता सूची को अद्यतन करने तथा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान सूची से नाम काटे जाने के बीएलओ से प्राप्त प्रस्तावों पर विशेष ध्यान देने निर्देश निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि जहां ऐसे मामले ज्यादा हैं वहां निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी खुद जाकर इसका प्रति परीक्षण करें।

            संभागायुक्त ने कहा कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि मतदाता यदि एक क्षेत्र से जिले के ही दूसरे क्षेत्र में शिफ्ट हो गया है तो उस स्थान से नाम काटे जाने के साथ-साथ दूसरे क्षेत्र से उसका नाम मतदाता सूची में जुड़ जाये। उन्होंने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से भी आग्रह किया कि जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा मतदाता सूची से नाम काटे जाने की उन्हें उपलब्ध कराई गई लिस्ट का वे भी अपने स्तर पर सत्यापन कर लें और यदि कहीं विसंगति पाई जाये तो उसे संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के संज्ञान में लायें।

            बैठक में संभागायुक्त ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान बीएलओ द्वारा निरस्त किये गये नाम जोड़ने के प्राप्त आवेदनों का अपने स्तर पर परीक्षण करने के निर्देश भी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को दिये। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने कहा है कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में मतदाता सूची से नाम जुड़वाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के अलावा शपथ पत्र या कोई अन्य दस्तावेज बीएलओ द्वारा न मांगे जायें। श्री चंद्रशेखर ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत नाम जुड़वाने, निरसन और संशोधन के निर्धारित प्रारूप में प्राप्त आवेदनों को विधानसभावार जानकारी भी ली तथा सभी आवेदनों की गरूड़ एप पर तुरंत प्रविष्टी दर्ज करने बीएलओ को निर्देशित करने कहा। संभागायुक्त ने बैठक में फोटो वोटर आईडी कार्ड में मतदाताओं की ब्लैक एण्ड व्हाईट फोटो को कलर फोटो से बदलने के कार्य में हुई प्रगति की समीक्षा भी की।

            स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर साधना परस्ते, अपर कलेक्टर रोमानुस टोप्पो, जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, एसडीएम बहोरीबंद संघमित्रा गौतम, एसडीएम विजयराघवगढ़ महेश मंडलोई, एसडीएम ढ़ीमरखेड़ा नदीमा शीरी, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, तहसीलदार विजय द्विवेदी तथा राजनैतिक दलों की ओर से जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष ठाकुर गुमान सिंह, सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम, सरफराज हुसैन, सौरभ अग्रवाल, दीपक तिवारी, माधुरी जैन, अमित सिंह, सहित निर्वाचन पर्यवेक्षक रवि बडगैया मौजूद रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें