असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में बड़ा बदलाव, अब इंटरव्यू भी होगा, जानिए कितने अंक हैं जरूरी
(भोपाल) प्रदेश में पांच साल बाद एक बार फिर असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती की घोषणा हुई है। एमपीपीएससी ने 36 विषयों में 1669 पद के लिए आवेदन मंगाए हैं। पिछली भर्ती की तुलना में इस बार होने वाली भर्ती की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया। पीएससी की परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को अब इंटरव्यू से भी गुजरना होगा। दोनों के अंक जोड़कर मेरिट बनेगी।
असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा 2022 में नेट या सेट क्लीयर करने वाले उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं। प्रदेश में आखिरी सेट 2017 की भर्ती से पहले कराई गई थी। इस बार भी सेट के लिए पीएससी में अलग सेल बनाया जा चुका है, लेकिन अब तक सिलैबस जारी नहीं हुआ। इससे उम्मीदवार परेशान हैं। जानकारी के अनुसार इंटरव्यू के अंकों का अधिकतम वेटेज 12.5 फीसदी तक रह सकता है।
40 फीसदी अंक आवश्यक
असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी। भर्ती में विज्ञापित पदों से तीन गुना या समान अंक वाले उम्मीदवारों को इंटरव्यू में शामिल होने का मौका मिलेगा। हालांकि, सभी विषयों में कम से कम 40 प्रतिशत अंक अनिवार्य है। अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस व दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को 10 प्रतिशत अंकों की छूट मिलेगी। इनके लिए 30 प्रतिशत अंक अनिवार्य रहेंगे।
ऑनलाइन परीक्षा पर विचार
पीएससी की यह भी कोशिश है कि ये परीक्षा ऑनलाइन प्रणाली से करा ली जाएं। दरअसल, दो साल पहले तक राज्य सेवा को छोड़कर बाकी परीक्षा ऑनलाइन ही कराई जाती थी। परीक्षा की एजेंसी के साथ करार खत्म होने के बाद से दूसरी एजेंसी तय नहीं हो सकी है। पीएससी ने स्पोट्र्स ऑफिसर के 129 और लाइब्रेरियन के 255 पदों के लिए होने वाली परीक्षा में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प रखे है।

