जिले में लक्ष्य से अधिक हुई गेहूं खरीदी
कटनी – कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए लागू लाक डाउन जैसी विपरीत परिस्थितियों में भी कटनी जिले में राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा सभी सावधानियों बरतते हुए इस वर्ष के निर्धारित लक्ष्य से कही अधिक रिकार्ड गेहूं खरीदी की जा चुकी है। गेहूं खरीदी की अंतिम तिथि राज्य शासन द्वारा 26 मई निर्धारित की गई है। राज्य शासन द्वारा कटनी जिले में गेहूं खरीदी का संभावित लक्ष्य एक लाख 80 हजार मीट्रिक टन निर्धारित किया गया था। जबकि जिले मे संभावित लक्ष्य से अधिक एक लाख 92 हजार 500 मैट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। रबी उपार्जन के तहत जिले में स्थापित 102 गेहूं खरीदी केन्द्रों में क्रियाशील 102 खरीदी केन्द्रों के माध्यम से अब तक 31 हजार 100 पंजीकृत किसानों से 1 लाख 92 हजार 500 एमटी गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। जिला आपूर्ति अधिकारी प्रमोद श्रीवास्तव ने बताया कि कुल खरीदी का 77 प्रतिशत 1 लाख 47 हजार एमटी गेहूं का परिवहन भी किया जा चुका है। जिले में गेहूं उपार्जन के लिये 40 हजार 863 किसानों ने पंजीयन कराया है। जिन्हें एसएमएस के माध्यम से निर्धारित दिवसों में खरीदी केन्द्र बुलाकर सोशल डिस्टेन्स और कोरोना से बचाव की सावधानियों के साथ गेहूं की खरीदी की जा रही है। स्वीकृति पत्रक 1 लाख 18 हजार 435 एमटी का तैयार किया गया है। अब तक 55 प्रतिशत किसानों को उनकी गेहूं खरीदी की राशि का भुगतान खातों में भेजा गया है। गेहूं की खरीदी 26 मई तक की जायेगी। राजस्व, खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा निरन्तर भ्रमण कर खरीदी केन्द्रों में कार्य का जायजा लिया जा रहा है।

