राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग कटनी द्वारा आयोजित की गई विभिन्न गतिविधियां
(कटनी)- राष्ट्रीय बालिका दिवस 24 जनवरी 2023 के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग कटनी द्वारा जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया है। विभाग अंतर्गत समस्त परियोजनाओं में किशोरी बालिकाओं द्वारा वृक्षारोपण किया गया, जिनमें स्थानीय जनसमुदाय की भी भागीदारी रही। साथ ही इस अवसर पर बालिकाओं हेतु आयोजित गोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता के पुरस्कार भी वितरित किये गये।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ने बताया कि परियोजना कटनी शहरी में बालिकाओं हेतु पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय, माधव नगर में किया गया। कार्यक्रम में सुश्री वनश्री कुर्वेती, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, विभा श्रीवास्तव, प्राचार्य, मीना बडकुल, परियोजना अधिकारी, मनीष तिवारी, संरक्षण अधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगणों एवं विभागीय कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
पोस्टर प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं द्वारा बड़ी संख्या में सहभागिता कर ”सुशिक्षित बेटी, उज्जवल भविष्य“ की थीम को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा गया। छात्र-छात्राओं द्वारा रचनात्मकता एवं संवेदनशीलता के साथ बालिका दिवस के संदेश को पोस्टर का रूप दिया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं समस्त प्रतिभागियों को सहभागिता हेतु प्रमाण-पत्र प्रदाय किये गये। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों द्वारा समस्त छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास के समान अवसर उपलब्ध करवाने की शपथ दिलवाई गई।

