विकास यात्रा में विधायक संदीप जायसवाल ने 2.51 करोड़ के निर्माण कार्यों की दी सौगात
(कटनी) – नगरीय क्षेत्र में शासन की योजनाओं का लाभ जन- जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही विकास यात्रा विधायक संदीप जायसवाल की अगुवाई में बुधवार प्रातः विवेकानंद वार्ड लखेरा से प्रारंभ होकर 6 वार्डों में पहुंची। विकास यात्रा का शुभारंभ विवेकानंद वार्ड स्थित खेरमाई मंदिर परिसर से किया गया इस दौरान महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगम अध्यक्ष मनीष पाठक सहित निगम के पार्षदों, समाजसेवियों एवं आमजन की मौजूदगी रही।
विकास यात्रा के दौरान जनसंवाद कार्यक्रम सहित वृद्धजनों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक संदीप जायसवाल एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा वार्डवासियों के साथ मिलकर विवेकानंद चौक एंबुलेंस रोड से लखेरा रोड तक 34 लाख 32 हजार की लागत से कराये जाने वाले डामरीकरण कार्य का भूमि पूजन तथा 10 लाख की लागत से बने स्कूल भवन के दो अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को हितलाभ पत्रों का वितरण किया जाकर क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याएं सुनी गई तथा मूलभूत समस्याओं के निराकरण करने अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान नयागांव लखेरा में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के समीप बाउंड्री वाल निर्माण एवं विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा के मद्देनजर मद्देनजर सी.सी.टी.व्ही कैमरे लगाने हेतु आश्वस्त किया गया।

डॉ जाकिर हुसैन वार्ड पहुंची विकास यात्रा का पार्षद रेखा संजय तिवारी की अंगुवाई में वार्डवासियों द्वारा स्वागत किया गया तथा समस्याओं से अवगत कराये जाने पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। रवीन्द्र नाथ टैगोर वार्ड में विकास यात्रा पहुंचने पर क्षेत्रीय पार्षद विनोद लाला यादव द्वारा विकास यात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान वार्ड मंे आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री जासयवाल महापौर श्रीमती सूरी एवं निगम अध्यक्ष श्री पाठक द्वारा 5 लाख 18 हजार की लागत से बनने वाली पानी की टंकी शेड एवं पशुबाड़ा में शौचालय निर्माण 32 लागत लाख की लागत से बनने वाली पानी टंकी सहित 1 करोड़ 20 लाख की लागत से तालाब सौंदर्यीकरण कार्य की आधारशिला रखी गई। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनों द्वारा अमीरगंज एवं पड़रवारा क्षेत्र में मुक्तिधाम सामुदायिक भवन बनाने की मांग किये जाने पर विधायक संदीप जायसवाल द्वारा शीध्र ही कार्य योजना में शामिल करने आश्वस्त किया गया।
विकास यात्रा के दौरान एम.आई.सी. सदस्य श्रीमती बीना संजू बैनर्जी, पार्षद सीमा श्रीवास्तव, प्रभा गुप्ता, पूर्व पार्षद रजनी विष्णु केवट सहित समाजसेवी अश्वनी गौतम, रवि खरे, बागीश आनंद, तथा काफी संख्या में समाजसेवियों एवं वार्डवासियों की उपस्थिति रही।

