लाडली बहना योजनांतर्गत समग्र पोर्टल के माध्यम से ई-के.वाय.सी की कार्यवाही निःशुल्क ,शिकायत प्राप्त होने पर होगी वैधानिक कार्यवाही
(कटनी)- मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना 2023 अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का समग्र पोर्टल पर ई-के.वाय.सी किया जाना अनिवार्य है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिशिर गेमावत ने जिले के एम.पी.ऑनलाइन एवं सी.एस.सी के जिला समन्वयक को लाडली बहना योजनांतर्गत नागरिकों का समग्र पोर्टल के माध्यम से निःशुल्क ई-के.वाय.सी की कार्यवाही सुनिश्चित करने एवं इस कार्य हेतु कोई भी अतिरिक्त शुल्क न लिये जाने के निर्देश प्रदान किए है। श्री गेमावत ने शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित कियोस्क संचालक के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान किये है।
विदित हो की शासन के निर्देशानुसार नागरिकों की समग्र पोर्टल के माध्यम ई-के.वाय.सी के लिए पोर्टल शुल्क की दर शासन द्वारा निर्धारित की गई है। जिसमें शासन द्वारा प्रति ई-के.वाय.सी के मान से संबंधित एम.पी.ऑनलाइन एवं सी.एस.सी कियोस्क को प्रदान किया जायेगा।
जिले के एम.पी.ऑनलाइन एवं सी.एस.सी संचालकों द्वारा नागरिकों से उक्त कार्य हेतु राशि वसूली की बात संज्ञान में आने के पश्चात समग्र पोर्टल के माध्यम से निःशुल्क ई-के.वाय.सी की कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु कोई भी अतिरिक्त शुल्क नहीं लिए जाने के निर्देश प्रदान किए गए है।
