कटनी जिले के तीन लोक सेवा केंद्रों में पुनः शुरू हुई आधार सेवा, कलेक्टर के प्रयास से लाड़ली बहनों को मिलेगी राहत

Advertisement

कलेक्टर के प्रयास से लाड़ली बहनों को मिलेगी राहत

(कटनी) –  लाड़ली बहना योजना की प्रक्रिया के लिए जिला के ग्रामीण अंचलों की लाड़ली बहनों को अब भटकना न पड़े, इसके मद्देनजर कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद द्वारा आधार सेवा को जिले के लोक सेवा केन्द्र से प्रारंभ कराया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के तीन लोक सेवा केंद्रों कटनी ग्रामीण, विजयराघवगढ़ और ढीमरखेड़ा के लोक सेवा केंद्रों में आधार सेंटर प्रारंभ हो गए हैं। साथ ही बड़वारा और स्लीमनाबाद में तकनीकी समस्या का निराकरण होते ही इन लोक सेवा केंद्रों में भी आधार सेंटर शीघ्र प्रारंभ होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त 4 अन्य लोक सेवा केंद्रों की आईडी शासन स्तर से प्राप्त होते ही वहां भी यह सेवा प्रारंभ कर दी जाएगी।

भ्रमण दौरान कलेक्टर के संज्ञान में आई थी समस्या

            कलेक्टर अवि प्रसाद के भ्रमण के दौरान यह संज्ञान में आया कि लोक सेवा केंद्रों में आधार पंजीयन एवं अपडेशन सेवा बंद पड़ी है, तथा लगातार पत्राचार के बाद भी ये सेवा प्रारंभ नहीं हो पा रही है। जिसके बाद कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा लोक सेवा केंद्रों से आधार सेवा प्रारंभ कराने के लिए शासन स्तर पर निर्णायक प्रयास करते हुए राज्य लोक सेवा अभिकरण भोपाल को पत्र प्रेषित करने के साथ-साथ स्वयं चर्चा कर प्रयास किए गए। इन प्रयासों के फलस्वरूप जिले के लोक सेवा केंद्रों में से तीन में वर्तमान में आधार सेवा पुनः बहाल हो सकी है।

लाड़ली बहनों को मिलेगी अधिक राहत

            कलेक्टर श्री प्रसाद के प्रयासों से आधार सेवा विजयराघवगढ़, कटनी ग्रामीण और ढीमरखेड़ा में चालू हो जाने से लाड़ली बहना योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए जिले की लाड़ली बहनों को भटकना नहीं पड़ेगा। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्यवाही अब लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से कराई जा सकेगी। साथ ही लोक सेवा केन्द्र से आधार ईकेवाईसी एवं 48 विभागों की 600 अधिसूचित सेवाएं एवम् समाधान एक दिवस तत्काल सेवा अंतर्गत 09 विभागों की 32 सेवाएं एक ही छत के नीचे प्राप्त कर सकेगी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें