Katni Collectar Avi Prasad Honored : कलेक्टर अवि प्रसाद ने कटनी जिले को गौरवान्वित , राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कटनी कलेक्टर अवि प्रसाद को किया सम्मानित

कटनी के नवाचार नि-क्षय मित्र प्रकल्प को सराहा

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री टी.बी. मुक्त भारत अभियान के लिए कटनी जिले को बेस्ट परफार्मिंग जिले के पुरस्कार से नवाजा

(कटनी) – राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने मंगलवार को भोपाल स्थित राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में कलेक्टर अवि प्रसाद को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के टी.बी. मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में किये जा रहे उत्कृष्ट और सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। समारोह में प्रधानमंत्री टी.बी मुक्त भारत अभियान 2022-23 के लिए कटनी जिले को बेस्ट परफार्मिंग पुरस्कार से नवाजा गया। इसके साथ ही नि-क्षय मित्र मीनाक्षी क्षत्रिय को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। मीनाक्षी को समारोह को संबोधित करने का भी गौरव प्राप्त हुआ।

            राज्यपाल श्री पटेल ने कटनी जिले में कलेक्टर श्री प्रसाद के नेतृत्व में टी.बी. मुक्त कटनी के लिए किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने लोगों से नि-क्षय मित्र बनकर टी.बी. के खिलाफ जंग को मजबूती देने का आव्हान किया। राज्यपाल श्री पटेल ने कटनी में पिछले 6 माहों की अल्प अवधि में ही टी.बी. मुक्त अभियान से समाज को जोड़ने में मिली कामयाबी पर प्रसन्नता व्यक्त की।

नि-क्षय मित्र मीनाक्षी ने किया संबोधित

            कटनी जिले में नि-क्षय मित्र की ब्रांड एम्बेसडर और जिला रेडक्रॉस समिति की आजीवन सदस्य 13 वर्षीय मीनाक्षी क्षत्रिय ने भी समारोह को संबोधित किया। मीनाक्षी देश की सबसे युवा नि-क्षय मित्र है। मीनाक्षी द्वारा कम उम्र में ही टी.बी. रोग के प्रति प्रदर्शित जागरूकता के प्रशंसकों में अब प्रदेश के राज्यपाल श्री पटेल भी शामिल हो गये हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहले ही मीनाक्षी की सराहना कर चुक हैं।

135 नि-क्षय मित्र बने

            कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा टी.बी. उन्मूलन अभियान से लोगों के जुड़ने की अपील के बाद कटनी जिले में अब तक 135 नि-क्षय मित्र बन चुके हैं। जो इस पुनीत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। कलेक्टर की पहल पर समूचा जिला क्षय रोग के उन्मूलन की दिशा में कार्य करने के लिए जनभागीदारी की भावना से उत्साहित और संगठित हैं।

हर माह 355 मरीजों को मिल रहा पोष्टिक आहार

            शासन द्वारा टी.बी. पीडि़तों के दवा और इलाज की निरूशुल्क व्यवस्था है। लेकिन निरूशुल्क दवा के साथ पौष्टिक आहार मिलने से दवा ज्यादा कारगर और प्रभावी हो जाती है और मरीज जल्दी स्वस्थ होता है। वर्तमान में जिले में नि-क्षय मित्र पहल के तहत प्रतिमाह 355 टी.बी. मरीजों को पौष्टिक आहार मुहैया कराया जा रहा है। अभियान से समाज को जोड़ने से करीब 15 लाख रूपये की सहयोग राशि मिली।

कलेक्टर ने कहा- यह कटनीवासियों का सम्मान है

                        कलेक्टर श्री प्रसाद ने टी.बी. उन्मूलन हेतु जिले को मिली सराहना और प्रशस्ति पत्र का पूरा श्रेय कटनीवासियों को देते हुए कहा कि- सही मायनों में यह पूरे कटनी की जनता-जनार्दन का सम्मान है। श्री प्रसाद ने पीडि़त मानवता की सेवा के संकल्प के साथ टी.बी. मुक्त कटनी बनाने में जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टॉफ और समाजसेवियों एवं उद्योगपतियों से मिल रहे योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग की अपेक्षा की है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें