शासकीय नर्सरियों को उद्यानिकी गतिविधियों का केन्द्र बनायें- कलेक्टर
प्रगतिशील उद्यानिकी कृषकों एवं अधिकारियों की बैठक
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कहा कि जिले के सभी 5 शासकीय उद्यानिकी नर्सरियों को किसानों से जोड़कर, परिचर्चा, प्रशिक्षण आदि की गतिविधियां संचालित करें। शासकीय नर्सरियों को उद्यानिकी कृषकों के आकर्षण और गतिविधियों का केन्द्र बनायें। कटनी जिले में संभावनाओं के दृष्टिगत उद्यानिकी क्षेत्र विस्तार और इन्टरक्रॉपिंग से उद्यानिकी फसलों की भरपूर पैदावार लेने के संबंध में प्रगतिशील उद्यानिकी कृषक और विभागीय अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने यह निर्देश दिये। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, सहायक संचालक उद्यान अरुण पाण्डेय भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि कटनी जिले में उद्यानिकी और औषधीय फसलों की खेती की प्रचुर संभावनायें मौजूद हैं। प्रगतिशील किसानों ने औषधीय खेती, फल, सब्जी, मसाला के क्षेत्र में अच्छे परिणाम और उत्पादन भी हासिल किये हैं। शासन की योजनाओं का लाभ लेते हुये जिले के किसान उद्यानिकी फसलों का क्षेत्र विस्तार करें। उन्होने बताया कि शासकीय नर्सरी खिरहनी और बड़वारा को मनरेगा और आजीविका मिशन के सहयोग से विकसित किया जा रहा है। सभी नर्सरी में पानी ओर सिंचाई के पर्याप्त स्त्रोत और क्षेत्र उपलब्ध है। नंदन फलोद्यान योजना, खेत तालाब योजना एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर उद्यानिकी गतिविधियों का विस्तार किया जा सकता है। कलेक्टर ने कहा कि उद्यानिकी किसानों का शासकीय नर्सरी और उद्यानिकी विभाग के प्रति आकर्षण पैदा करें। प्रत्येक सप्ताह शासकीय नर्सरियों में उद्यानिकी कृषकों के मार्गदर्शन के लिये परिचर्चा, प्रशिक्षण की गतिविधियां चलायें। उन्होने जिले के प्रगतिशील उद्यानिकी कृषकों से चर्चा कर उद्यानिकी क्षेत्र विस्तार के संबंध में सुझाव भी लिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने मैदानी स्तर पर परीक्षण कर उद्यानिकी फसलों के क्षेत्र संबंधी आंकड़े भी दुरुस्त करने के निेर्दश दिये। उन्होने कहा कि उद्यानिकी क्षेत्र विस्तार अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में पुष्प, फल, सब्जी, मसाला और औषधीय खेती के क्षेत्र की जानकारी मय खसरा नंबर 10 दिन के भीतर प्रस्तुत करेंगे। उन्होने बताया कि उद्यानिकी क्षेत्र विस्तार में गतवर्ष के लक्ष्य में 25 प्रतिशत वृद्धि की जायेगी। सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये लागू लॉकडाउन के कारण लगभग 32 हजार प्रवासी मजदूर वापस आये हैं। उद्यानिकी क्षेत्र विस्तार के लिये इस अवसर का लाभ उठायें।
जिले में प्रत्येक वर्ष की तुलना में इस वर्ष मनरेगा के माध्यम से लगभग दो गुना 62 हजार मजदूरों को प्रतिदिन रोजगार के साधन उपलब्ध कराये जा रहे हैं। नंदन फलोद्यान योजना में एक हजार किसानों का लक्ष्य है। अब तक 173 किसानों का चयन किया गया है। उद्यानिकी क्षेत्र में सिंचाई के लिये खेत तालाब योजना, कपिलधारा कूप, स्प्रिंकलर, ड्रिप सिंचाई पद्धति, मल्चिंग, इन्टर क्रॉपिंग, शेडनेट पॉली हाउस, सोलर सिस्टम फेनसिंग सहित उद्यानिकी आदान व्यवस्था का लाभ लेकर उद्यानिकी फसलों का विस्तार करें। बैठक में प्रगतिशील उद्यानिकी कृषक डॉ0 अशोक सिंह, वीरेन्द्र पाण्डेय खिरहनी, भीम सिंह रघुवंशी, मनु नारला अमाड़ी आदि ने सफल उद्यानिकी के अनुभव साझा करते हुये बेहतर उद्यानिकी क्षेत्र विस्तार के संबंध में सुझाव दिये। कृषि वैज्ञानिक ने उद्यानिकी कृषकों को टिड्डी दल के हमले से बचाव और सावधानियों के संबंध में जानकारी दी।


