आदर्श आचरण संहिता लागू होने के बाद प्रभावी होने वाले नियमों एवं प्रावधानों की अधिकारियों-कर्मचारियों को दी गई विस्तृत जानकारी
(कटनी) – कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवि प्रसाद के निर्देश पर आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के मद्देनजर शनिवार को रिटर्निंग ऑफीसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफीसर सहित सभी जिला अधिकारियों और कर्मचारियों को वीडियो कार्न्फ्रेंसिंग के माध्यम से आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद प्रभावी होने वाले नियमों एवं प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
पावर प्वाइंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद चुनाव प्रक्रिया पूरी हाने तक आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी। बताया गया कि आदर्श आचरण संहिता लागू होने के 24 घंटे के भीतर शासकीय संपत्तियों से 48 घंटों के भीतर सार्वजनिक स्थानों से और 72 घंटों के भीतर निजी संपत्तियों का विरूपण हटानें की कार्यवाही की जायेगी।
राजनैतिक दलों एवं अभ्यर्थियों के लिए आदर्श आचरण संहिता के दौरान धार्मिक स्थलों का चुनाव प्रचार हेतु उपयोग पर रोक रहेगी। धार्मिक या भाषायी समुदायों के मध्य मतभेदों को बढ़ाने या घृणा की भावना या तवाव पैदा करने वाले कार्याे से बचना होगा। प्रचार के किसी भी प्रयोजन से किसी भी व्यक्ति की संपत्ति का उपयोग बिना अनुमति नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही राजनैतिक दलों को अपने प्रचार के दौरान किसी भी माध्यम से आर्मी चीफ सहित अन्य रक्षा कर्मियों या सुरक्षा बलों की किसी कार्यवाही के फोटोग्राफ का उपयोग नहीं करना चाहिए।
सभा स्थल के स्थान एवं समय के बारे में पुलिस को सूचना देनी होगी और लाउड स्पीकरों के उपयोग के लिए भी पूर्व से अनुमति प्राप्त करनी होगी। जूलूस के लिए भी अनुमति प्राप्त करना जरूरी होगी।
स्कूल एवं कॉलेज मैदान का उपयोग सशर्त और अनुमति प्राप्त कर ही किया जा सकेगा। अनुविभागीय अधिकारी ऐसी अनुमतियों प्रथम आओ- प्रथम पाओ के आधार पर दी जायेगी। साथ ही वाहनों के दुरूपयोग की रोकथाम, समाचार पत्रों में विज्ञापन, विज्ञापन प्रमाणीकरण प्रक्रिया, लाउडस्पीकर की अनुमति, राजनैतिक दलों के झण्डों का उपयोग, संपत्ति विरूपण आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी साधना परस्ते सहित राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री आलोक त्रिपाठी प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल पहाडी, श्री राजेन्द्र असाटी व्याख्याता डाईट कटनी एवं श्री एन.पी.गुप्ता प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल कैलवारा कला एवं राकेश बारी ने वर्चुअली जुडकर विभिन्न बिन्दुओं पर प्रकाश डाला।
