इंसीडेंट कमांडर अपने-अपने क्षेत्र में सम्पूर्ण दल के साथ सुबह और शाम को करें बाजारों का भ्रमण
( ग्वालियर )
सोशल डिस्टेंसिंग एवं मास्क का उपयोग न करने वालों पर की जाए कार्रवाई, कलेक्टर ने इंसीडेंट कमांडरों की बैठक में दिए निर्देश
कोविड-19 के तहत लॉकडाउन के दौरान बाजार खोलने की अनुमति दी गई है। बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो और दुकानदार तथा खरीददार भी मास्क अनिवार्यत: पहनें, यह सुनिश्चित किया जाए। सभी इंसीडेंट कमांडर प्रतिदिन दोपहर एवं शाम को अपने पूरे दल के साथ बाजारों का भ्रमण कर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित करें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने एवं मास्क न पहनने वालों के विरूद्ध अर्थदण्ड की कार्रवाई भी की जाए।
कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने मंगलवार को जिले में नियुक्त सभी इंसीडेंट कमाण्डरों की बैठक में यह निर्देश दिए हैं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम वर्मा, एडीएम श्री किशोर कन्याल, सीईओ स्मार्ट सिटी श्रीमती जयति सिंह, एडीएम श्री टी एन सिंह, अपर कलेक्टर श्री रिंकेश वैश्य सहित सभी इंसीडेंट कमाण्डर एवं मेडीकल कॉलेज के चिकित्सकगण उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार फीवर क्लीनिक प्रारंभ किए जाना हैं। इंसीडेंट कमांडर अपने – अपने क्षेत्रों में तत्परता से फीवर क्लीनिक प्रारंभ कराएं। इन फीवर क्लीनिकों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए। फीवर क्लीनिक पर चिकित्सक अपने स्टाफ के साथ उपस्थित रहकर क्षेत्र के लोगों को चिकित्सकीय सुवधायें उपलब्ध करायेंगे। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि वे शहरी क्षेत्र में प्रचार वाहन के माध्यम से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, संक्रमण से बचने हेतु सावधानी बरतने तथा फीवर क्लीनिक की जानकारी के संबंध में प्रचार-प्रसार हेतु अनाउंसमेंट कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
कलेकटर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक में यह भी निर्देशित किया कि शहर में आने वाले सभी रास्तों पर स्थापित किए गए नाके संचालित रहेंगे। इन नाकों के माध्यम से शहर में आने वालों की एंट्री की जायेगी। रेड जोन से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सेम्पलिंग का कार्य भी अनिवार्यत: किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी नाकों पर स्टाफ उपस्थित रहकर पंजीकरण का कार्य पूर्ण गंभीरता के साथ करें। इंसीडेंट कमांडर भी इन नाकों का नियमित निरीक्षण और पर्यवेक्षण करते रहें।
बैठक में वार्ड निगरानी समितियों का विस्तार करने के साथ-साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रत्येक इंसीडेंट कमांडर अपने-अपने क्षेत्र के सभी निजी क्लीनिक एवं अस्पतालों में आने वाले मरीजों की पूरी जानकारी अपने पास रखें। जानकारी के आधार पर जिनका भी कोरोना टेस्ट कराया जाना है वह कराया जाए। क्षेत्र में सर्वेक्षण का कार्य भी निरंतर प्रभावी रूप से हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। सर्वेक्षण में भी जिनका टेस्ट कराया जाना है, उनका टेस्ट प्राथमिकता से कराया जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने यह भी निर्देशित किया कि रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेण्ड पर भी काउंटर स्थापित कर बाहर से आने-जाने वाले हर व्यक्ति का पंजीयन एवं परीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। क्षेत्र के इंसीडेंट कमांडर इसकी सतत निगरानी करें।
स्मार्ट सिटी बसों का संचालन करें प्रारंभ
कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक में सीईओ स्मार्ट सिटी को निर्देशित किया कि ग्वालियर शहर में संचालित होने वाली स्मार्ट सिटी बसों का संचालन प्रारंभ किया जाए। बसों के संचालन में नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु सभी सावधानियां बरती जाएं। बसों में निर्धारित संख्या में ही सवारियों को बिठाया जाए। बसों के संचालन में लगे ऑपरेटरों को भी नोवल कोरोना वायरस के संक्रमण से सावधानी के संबंध में प्रशिक्षित किया जाए।
जन जागृति के लिये चलाया गया अभियान
कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने जिले के सभी इंसीडेंट कमांडरों से कहा है कि नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिये जन जागृति जरूरी है। सभी इंसीडेंट कमांडर अपने-अपने क्षेत्र में संक्रमण की रोकथाम के लिये बरती जाने वाली सावधानियों को आम जन तक पहुँचाएं और उसका पालन करें, इसके लिये जन जागृति अभियान चलाया जाये। अभियान के तहत निर्धारित संख्या में प्रभात फेरियां, नुक्कड़ नाटक एवं गीत-संगीत के माध्यम से भी लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि संक्रमण की रोकथाम का एक मात्र उपाय जन जागृति ही है।
