मतगणना प्रबंधन के तहत राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित

कटनी  (2 दिसंबर) – जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अवि प्रसाद और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों हेतु नियुक्त प्रेक्षक श्री कोना शशिधर, श्री योगीराज सिंह डी गोहिल, अरूंधति सरकार एवं हाकम खान सहित पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन की मौजूदगी में शनिवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभाकक्ष में 3 दिसम्बर को विधानसभा निर्वाचन-2023 के अन्तर्गत कृषि उपज मंडी समिति परिसर में होने वाली मतगणना के प्रबंधन के सम्बन्ध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों और अभ्यर्थियों और उनके अभिकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई।

            बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती साधना परस्ते सहित समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। बैठक में मतगणना के लिये बनाये गये प्लान के बारे में प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई।

            कलेक्टर श्री प्रसाद ने कहा कि जिले में निर्विघ्न व शांतिपूर्ण निर्वाचन कार्य संपन्न कराने मे सभी अभ्यर्थीगण व राजनैतिक दल सहयोग करे। मतगणना दिवस पर राजनैतिक दलों के गणना अभिकर्ता निर्धारित समय पर स्थल पर पहुंचें। अभ्यर्थियों एवं उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रातः 6 बजे स्ट्रांग रूम खोला जायेगा तदोपरान्त प्रातः 8 बजे से मतगणना प्रारम्भ होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट से डाले गये मतपत्रों की गिनती प्रारम्भ होगी।   शनिवार को पोस्टल बैलेट ट्रेजरी के स्ट्रांग रूम से कृषि उपज मंडी परिसर स्थित स्ट्रांग रूम में शिफ्ट किये जायेंगे। प्रातः 8 बजे तक डाक विभाग द्वारा प्राप्त मतपत्रों को ही गिनती में लिया जायेगा। बैठक में जानकारी दी गई कि पोस्टल बैलेट का स्ट्रांग रूम बनाया गया है।

            कलेक्टर श्री प्रसाद ने बताया कि मंडी परिसर में प्रवेश हेतु दो गेट बनाये गए है। मतदान प्रांगण में मीडियाकर्मियों, अभ्यर्थियों ,निर्वाचन अभिकर्ता ,गणना अभिकर्ताओं को गेट नंबर एक मुख्य प्रवेश द्वार से प्रवेश मिलेगा। जबकि अधिकारियों और कर्मचारियों को गेट नंबर दो से प्रवेश मिलेगा। लेकिन प्रवेश केवल प्रवेश पत्र धारकों को ही मिलेगा इस दौरान कलेक्टर श्री प्रसाद ने मंडी परिसर में बनाये गए मीडिया सेंटर एवं अन्य स्थलों की भी विस्तार से जानकारी दी।

होगी त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था

             पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन द्वारा मतगणना को शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संपन्न कराने हेतु मंडी परिसर मे त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, तैनात पुलिस बल  गेट मे लगे मेटल डिडेक्टर, प्रवेश स्थलों में की जाने वाली जांच के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। गेट नंबर एक मुख्य प्रवेश द्वार से मीडिया सेंटर के बाज़ू में बने सार्वजनिक उपयोग कक्ष तक मोबाइल सहित प्रवेश की अनुमति होगी। लेकिन मतगणना हाल में जाने के पूर्व मोबाइल फोन सार्वजनिक उपयोग कक्ष में मोबाइल जमा काउंटर में जमा करना होगा। कृषि उपज मंडी स्थल पर पार्किंग की व्यवस्था सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाकर प्रशासन एवं पुलिस विभाग को सहयोग प्रदान करने की बात कही।

बैठक के दौरान अभ्यर्थियों एवं उनके प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के अलावा शंकाओं का समाधानकारक उत्तर भी दिया गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें