पलेरा-जतारा मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना, मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर मौत, महिला गंभीर रूप से घायल
(पलेरा) स्थानीय नगर क्षेत्र में वाहन चालकों की तेज रफ्तार धीमी होने का नाम नहीं ले रही है। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर नागरिकों में चिंता देखी जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय नगर से 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित जतारा-पलेरा मार्ग के पटपरा तिगैला पर एक मोटरसाइकिल तेज़ रफ़्तार चार पहिया वाहन से टकरा गई। इस घटना में मोटरसाइकिल पर सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा मोटरसाइकिल पर बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने उक्त घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल हुई महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। थाना पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त जतारा कॉलेज में पदस्थ प्रोफेसर एस प्रजापति के पुत्र घनश्याम प्रजापति निवासी बैरवार के रूप में की गई है।
रिपोर्ट :- शिवराज सिंह, RPKP INDIA NEWS , टीकमगढ़
