जिले में पडरभटा खरीदी केन्द्र में सबसे अधिक 4149 मेट्रिक टन हुई खरीदी
कटनी – रबी उपार्जन वर्ष 2020 में कटनी जिले के निर्धारित 102 खरीदी केन्द्रों के माध्यम से इस बार रिकॉर्ड 2 लाख 10 हजार 726 मेट्रिक टन गेहूं की खरीदी की गई है। जिले के 102 केन्द्रों में ढीमरखेड़ा विकासखण्ड के पड़रभटा में सर्वाधिक गेहूं की खरीदी हुई। यहां पंजीकृत 470 किसानों से 4149 एमटी गेहूं खरीदा गया।
जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार सबसे कम खरीदी बरही तहसील के करौंदी खुर्द उपार्जन केन्द्र पर की गई। यहां 127 किसानों से 519 एमटी गेहूं खरीदा गया। जिला आपूर्ति अधिकारी प्रमोद श्रीवास्तव बताते हैं कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिये लॉकडाउन और सोशल डिस्टेन्सिंग तथा बचाव की सावधानियों को अपनाने की विषम परिस्थितियों के बाद भी जिले में सफलता पूर्वक रिकॉर्ड मात्रा में लक्ष्य से 38 प्रतिशत अधिक अर्थात 2 लाख 10 हजार 726 मेट्रिक टन गेहूं की खरीदी की गई। पिछले वर्ष 1 लाख 52 हजार एमटी गेहूं की खरीदी के दृष्टिगत इस वर्ष 1 लाख 80 हजार एमटी का खरीदी लक्ष्य रखा गया था। गत वर्ष 37 हजार 518 पंजीकृत किसानों में से 22 हजार 770 किसानों ने अपना गेहूं विक्रय किया था। इस वर्ष 40 हजार 871 पंजीकृत किसानों में से 32 हजार 727 किसानों ने अपना गेहूं बेचा। इस वर्ष किसानों की संख्य में 43 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इनमें 31 हजार 286 किसानों का भुगतान कर दिया गया है। तथा खरीदे गये गेहूं का परिवहन शॉर्टफॉल के लिये अतिरिक्त भण्डारण क्षमता विकसित कर सुरक्षित भण्डारण भी कराया जा रहा है। पिछले वर्ष 56 केन्द्रो पर 1840 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा गया था। राज्य शासन ने इस वर्ष वृद्धि करते हुये 102 केन्द्रों पर 1925 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा है।
सबसे ज्यादा गेहूं खरीदी करने वाले उपार्जन केन्द्रों में ढीमरखेड़ा के पड़रभटा में 4149 एमटी, बहोरीबंद के बचैया में 3908 एमटी, हरदुआ में 3493 एमटी, स्लीमनाबाद में 3406 एमटी और रीठी के रैपुरा में 3299 एमटी गेहूं खरीदा गया। जबकि सबसे कम खरीदी करने वाले खरीदी केन्द्रों में बरही के करौंदी खुर्द में 519 मेट्रिक टन, बड़वारा के पठरा में 643 मेट्रिक टन, कटनी के शिराजपुर पहाड़ी में 812 एमटी, बड़वारा के नन्हवारा सेझा में 865 एमटी और अमाड़ी में 944 एमटी गेहूं की खरीदी हुई है।
सबसे अधिक पंजीकृत किसानों ने जिन उपार्जन केन्द्रों पर गेहूं बेचा है, उनमें अतरसूमा, सिंहुड़ी, धरवारा, बिलहरी, हरदुआ शामिल हैं। यहां 87 से 90 प्रतिशत किसान अपनी उपज लेकर आये हैं। जिन उपार्जन केन्द्रों में पंजीकृत किसान अपनी उपज लेकर कम आये हैं, उनमें करौंदी खुर्द, हदरहटा, विलायतकला, भजिया और विपणन कटनी 2 केन्द्र शामिल हैं। यहां 38 से 50 प्रतिशत पंजीकृत किसान ही अपनी फसल विक्रय हेतु पहुंचे।
तहसीलवार जानकारी अनुसार कटनी जिले की बहोरीबंद तहसील में सबसे ज्यादा गेहूं की खरीदी हुई। यहां 67 हजार 59 एमटी गेहूं की खरीदी हुई, जो कि जिले में कुल खरीदी का 31 प्रतिशत है। इसके बाद ढीमरखेड़ा तहसील में 45 हजार 562 एमटी, रीठी में 25 हजार 588 एमटी, कटनी में 24 हजार 356 एमटी, विजयराघवगढ़ में 23 हजार 348 एमटी, बड़वारा में 15 हजार 744 एमटी और बरही तहसील में 9 हजार 65 एमटी गेहूं की खरीदी हुई।

