मलेरिया नियंत्रण सबकी चिंता, सबकी भागीदारी, सबकी जिम्मेदारी
( हरदा )
जन जागरूकता लाने मलेरिया रथ रवाना
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी हरदा डॉ. किशोर कुमार नागवंशी द्वारा मलेरिया रथ को हरी झण्डी देकर रवाना किया गया। राष्ट्रीय वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत मलेरिया रोग के प्रति जन-जागरूकता लाने और मच्छरों द्वारा होने वाली बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से माह जून को मलेरिया निरोधक माह के रूप में मनाया जाता है। मलेरिया निरोधक माह के दौरान जून में जिले एवं मलेरिया प्रभावित ग्रामों में मलेरिया के प्रचार प्रसार हेतु विशेष अभियान चलाकर जन समुदाय में जागरूकता लाने का कार्य किया जाएगा। जिले में मलेरिया रथ द्वारा 40 मलेरिया प्रभावित ग्रामों में तथा रास्ते में आने वाले ग्रामों में जनजागरूकता लाने हेतु मच्छरजन्य बीमारियों की रोकथाम का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। मलेरिया माह के दौरान स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं आशा कार्यकर्ता द्वारा ग्राम में मलेरिया के कारण, लक्षण एवं बचाव के संबंध में विस्तृत चर्चा की जावेगी एवं मलेरिया से संबंधित प्रचार प्रसार किया जाएगा तथा बुखार से पीड़ित समस्त मरीजों की आरडीके के माध्यम से मलेरिया जाँच की जावेगी। शहरी क्षेत्र हरदा एवं बाजार वाले क्षेत्र में प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। जिसके माध्यम से जन समुदाय को मच्छरजन्य बीमारियों की रोकथाम हेतु कारण, लक्षण, बचाव एवं जाँच की जानकारी दी जावेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा आम नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है, बुखार आने पर तत्काल नजदीकि स्वास्थ्य केन्द्र या आशा कार्यकर्ता द्वारा मलेरिया की जाँच कराये मलेरिया पाॅजिटिव होने पर पूर्ण उपचार लेवें। अपने घरों में और आसपास पानी जमा न होने दे मच्छर साफ पानी में अंडे देते है। बारिश के मौसम से पूर्व अपने घर के कबाड़ को छत से हटा देवें। टूटे फूटे टायर, बर्तन, प्लास्टिक कंटेनर को जमा न होने दे। मच्छरों को पैदा न होने देवें। सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। मच्छरों के काटने से बचाव के साधनों का उपयोग करें। नीम की पत्तियों का धुआ करें।
