मनरेगा के कार्य में मशीनरी से काम रहेंगे प्रतिबंधित
कन्ट्रोल रुम को की जा सकेगी शिकायत
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने जिले में आये प्रवासी मजदूरों और स्थानीय मजदूरों को अधिकाधिक रोजगार मुहैया कराने के दृष्टिगत मनरेगा स्कीम सहित अन्य रोजगार मूलक कार्यों में मशीनरी का प्रयोग सख्त रुप से प्रतिबंधित किया है। प्रवासी मजदूरों और स्थानीय मजदूरों को जॉबकार्ड प्राप्त करने या काम की मांग के लिये जिलास्तर पर कन्ट्रोल रुम स्थापित करते हुये श्रमसिद्धि हेल्पलाईन नंबर 07622-220072 भी जारी किया गया है। किसी भी मजदूर को जॉबकार्ड प्राप्त करने या रोजगार मिलने की समस्या है। वे इस हेल्पलाईन नंबर पर संपर्क कर निराकरण करा सकते हैं।
कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार मनरेगा या रोजगार मूलक कार्यों में मजदूरों के स्थान पर मशीनरी से काम कराने की शिकायतें भी इसी कन्ट्रोल रुम के दूरभाष पर दर्ज कराई जा सकती है। कन्ट्रोल रुम में एक रजिस्टर संधारित रहेगा। जिसमें मनरेगा के कार्यों में मशीनरी के उपयोग की शिकायत दर्ज कर तत्काल कार्यवाही की जायेगी। कन्ट्रोल रुम के प्रभारी डॉ0 संतोष वाल्मीकी परियोजना अधिकारी मनरेगा जिला पंचायत कटनी को बनाया गया है। डॉ0 वाल्मीकी प्रातः 8 बजे से शाम 8 बजे तक शिकायतें सुनेंगे। कन्ट्रोल रुम में मनरेगा के निर्माण कार्यों में मशीनरी लगने संबधी शिकायतें प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रयोगशाला सहायक उमेश कोरी तथा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक प्रयोगशाला सहायक संदीप त्रिपाठी दर्ज करेंगे।


