धान मिलिंग कार्य में तेजी लायें – कलेक्टर
धान मिलर्स की सुनी समस्यायें
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने बुधवार को नागरिक आपूर्ति निगम को अनुबंधित धान मिलर्स की बैठक लेकर उनकी समस्यायें सुनी तथा निराकरण के संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मिलर्स धान मिलिंग कार्य में तेजी लायें, इसके लिये उन्हें हर वाजिब सहयोग दिया जायेगा। इस मौके पर जिला प्रबंधक नान पियूष माली भी उपस्थित थे।
धान मिलर्स ने अपनी समस्याओं में बताया कि ओपेन कैप में रखी कुछ मात्रा की धान खराब होने या उचित गुणवत्ता की नहीं होने से मिलर्स स्टेण्डर्ड क्वालिटी का चावल उपलब्ध नहीं करा पाते हैं। इस कारण से मिलर्स को समस्या हो रही है। कलेक्टर श्री सिंह ने विभागीय अधिकारियों को मिलर्स की ओर से प्रस्तुत गुणवत्ता में सीएमआर के जमा कोटे में रिलेक्सेशन का प्रस्ताव पत्र के साथ राज्य मुख्यालय भेजने के निर्देश दिये। जिला प्रबंधक नान पियूष मालीने बताया कि ओपेन कैप बड़वारा और मझगवां में 1 लाख 20 हजार मेंट्रिक टन धान की उपलब्धता है। जो मिलर्स को दी जानी है। बैठक में निर्णय लिया गया कि उचित और कम गुणवत्ता की धान 4 अनुपात एक में मिलर को प्रदान की जाये। यह धान मिक्स कर नहीं दी जाये। गोदामों से उठाव में छटाई की सुविधा रहेगी। बताया गया कलेक्टर श्री सिंह के प्रयास से इस बार कटनी जिले से चावल के उठाव के लिये रिकॉर्ड संख्या में 40 रैक का ऑर्डर मिला है। एक रैक में 27 हजार क्विंटल चावल का उठाव होगा। मिलर्स को स्पेस की समस्या नहीं होगी और यह उठाव नागरिक आपूर्ति के अनुबंधित ट्रान्सपोर्टर्स द्वारा किया जायेगा। जिला प्रबंधक ने बताया कि चावल के ट्रान्सपोर्ट के लिये अमूमन 8-10 रैक ही मिला करती थी। इस वर्ष अप्रैल माह में 23 और मई माह में 17 रैक मिलाकर जिले से 40 रैक के मूवमेन्ट का ऑर्डर मिल चुका है।

