कलेक्टर ने किया निर्माणाधीन वृहद सभाकक्ष का निरीक्षण
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में बनने वाले वृहद सभाकक्ष का बुधवार को निरिक्षण किया। जिला खनिज मद से 66 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस बड़े सभाकक्ष की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। वर्तमान में जो सभाकक्ष है वह अत्यंत छोटा होने से बडी बैठक के लिए जिला पंचायत के सभाकक्ष का उपयोग करना पड़ता है। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री पीआईयू को गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण कर साफ सफाई और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उद्यानिकी विभाग और कलेक्ट्रेट संचालन संधारण समिति को कलेक्ट्रेट परिसर के आंतरिक दोनों पार्को को विकसित और सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क में फाउंटेन और ग्रीन ग्रास लगाये।

