मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए चलेगा विशेष अभियान
जिले में 6 जनवरी को होगा मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 कार्यक्रम के अंतर्गत 6 से 22 जनवरी तक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ
13 एवं 20 जनवरी को लगेंगे विशेष शिविर
फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत विशेष शिविर लगाए जाएंगे। यह शिविर 13 जनवरी एवं 20 जनवरी को लगाए जाएंगे। इस दौरान समस्त बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण करेंगे और मतदाता सूची का वाचन कर फॉर्म 6, 7 और फॉर्म-8 के आवेदन प्राप्त करेंगे।
22 जनवरी तक लिए जाएंगे आवेदन
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत 6 जनवरी से 22 जनवरी तक मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, वोटर लिस्ट में संशोधन, दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नाम हटाने के आवेदन लिए जाएंगे, जो युवा 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं। ऐसे सभी युवा अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम जुडवाने के लिए अग्रिम रूप से आवेदन कर सकते हैं।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन की सुविधा प्रदान की गई है। ऑनलाइन आवेदन Voter Helpline App और voters.eci.gov.in/ इन के माध्यम से किया जा सकता है। ऑफलाइन आवेदन के लिए बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। 8 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
