सड़क सुरक्षा सप्ताह

रैली एवं मानव श्रृंखला बनाकर दिया सुरक्षित यातायात का संदेश

(मुरैना)  सम्पूर्ण प्रदेश में चलाए जा रहे 11 से 17 जनवरी 2024 तक सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को नेहरू युवा केन्द्र मुरैना, यातायात पुलिस, एनएसएस एवं एनसीसी ने संयुक्त अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के अंतर्गत नगर में संगोष्ठी, रैली और मानव श्रृंखला बनाकर आमजन को यातायात के नियमों का पालन करने को कहा। कार्यक्रम का शुभारंभ जन जागरुकता रैली से हुआ। जिसे यातायात पुलिस उप निरीक्षक प्रज्ञाशील ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नेहरू युवा केन्द्र के उपनिदेशक श्री राकेश सिंह तोमर, विद्यालय प्राचार्य आरएस यादव, प्रधानाध्यापक आरएस शर्मा, रासेयो अधिकारी विजय शर्मा, हरिओम शर्मा, एनसीसी अधिकारी राकेश पचौरी, खेल प्रशिक्षक कमल सिंह तोमर, एएसआई किशन सिंह, यशवंत सिंह, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र, बसंत साहू, आरक्षक सतेन्द्र गुर्जर एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद था। रैली महात्मा लोचनदास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बाह से शुरू हुई। यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पोरसा चौराहा पहुंची। जहां छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर चौराहे से गुजरने वाले वाहन चालकों और आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राएं अपने हाथों में बैनर, नारे लिखी हुई तख्तियां थामे हुए थे तथा जोर-जोर से नारे लगाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के उपायों के बारे में बता रहे थे। इसके पश्चात रैली एमएलडी कॉलोनी होते हुए वापस विद्यालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। जहां उपस्थित यातायात पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को यातायात संकेतों और यातायात के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया तथा उनका स्वयं पालन करने और अपने परिवार तथा इष्ट मित्रों को भी यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें