ग्वालियर स्मार्ट सिटी की बोर्ड मीटिंग में हुई विकास कार्यों की समीक्षा
( ग्वालियर )
वीडियो कोनफ़्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े निदेशक मंडल सदस्य
ग्वालियर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कोरपोरेशन लिमिटेड की आज शुक्रवार को बोर्ड मीटिंग कमांड कंट्रोल सेंटर में सम्पन्न हुई। बैठक में ग्वालियर स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत किये जा रहे विकास कार्यों की बिन्दुवार समीक्षा संचालक मंडल द्वारा की गई। बैठक में कलेक्टर श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह, निगमायुक्त श्री संदीप माकिन. सी॰ई॰ओ॰ स्मार्ट सिटी श्रीमती जयति सिंह, निदेशक श्री प्रशान्त मेहता सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इस बोर्ड मीटिंग की ख़ास बात यह रही कि निदेशक मंडल के अन्य सदस्यों ने विडीओ कॉनफ़्रेंसिंग के माध्यम से अपनी भागीदारी दी।
बैठक में अनेक ऐसे कार्यों की प्रशंसा की गई जो ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा किये जा रहे हैं जिनमें आई॰टी॰एम॰एस॰, साईनेज इत्यादि जैसे विकास कार्य हैं। बोर्ड अधिकारियों ने ऐसे प्रोजेक्ट को प्राथमिक रूप से पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये जो शहर के विकास में अपनी अहम भूमिका रखते हैं। बोर्ड अधिकारियों ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते जो कार्य रुक गये थे उन्हें शीघ्र अतिशीघ्र पूर्ण कराया जाये। स्मार्ट सिटी सी॰ई॰ओ॰ श्रीमती जयति सिंह द्वारा बालक उ.मा. विद्यालय, शिक्षा नगर को आदर्श विद्यालय बनाये जाने का प्रस्ताव बोर्ड के समक्ष रखा गया जिसे सर्वसम्मति से बोर्ड ने सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में सी॰ई॰ओ॰ स्मार्ट सिटी श्रीमती सिंह ने अंतर्राज्यीय बस सेवा के संचालन को लेकर विशेष प्लान तैयार कर प्रस्तुत किया जिसे बोर्ड के सदस्यों द्वारा स्वीकृत किया गया तथा निर्देशित किया कि इस सेवा के संचालन हेतु एक कमेटी का गठन किया जाये जिसमें परिवहन विभाग, पुलिस विभाग तथा स्मार्ट सिटी के अधिकारी शामिल हों।
अंत में बोर्ड ने कोविड 19 में ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा किये जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की।
