राष्ट्रीय राजमार्गो के दोनों ओर स्थित शासकीय भूमियों को संरक्षित रखने के निर्देश
( सतना )
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अजय कटेसरिया द्वारा निर्देश जारी किए गए है कि सतना जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-7 (रीवा-अमरपाटन-मैहर-कटनी) एवं क्रमांक-75 (बेला-सतना-पन्ना) मार्ग के दोनों ओर स्थित शासकीय भूमियों के महत्व को देखते हुए तथा भविष्य में शासकीय प्रयोजनों हेतु उक्त भूमियों को सुरक्षित रखा जाना आवश्यक है।
कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशानुसार राष्ट्रीय राजमार्गो के दोनों ओर स्थित शासकीय भूमियो को सुरक्षित रखने हेतु समय-समय पर भौतिक सत्यापन कराया जावे तथा यदि इन भूमियों को खुर्द-बुर्द किया गया है अथवा इन पर अतिक्रमण हो रहा है, तो संबंधित पटवारीध्राजस्व निरीक्षक जिन्होने इस बावत सूचना नहीं दी है या अतिक्रमण रोकने हेतु नियमानुसार कार्यवाही नहीं करते हुए अतिक्रमण आदि पर नियंत्रण हेतु कोई प्रयास नही किया है। उनके विरूद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जावे तथा यह सुनिश्चित करें कि भविष्य में अतिक्रमण न हो। कलेक्टर द्वारा यह निर्देश जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदारों को दिए गए है।
